राष्ट्रीय एकता दिवस पर सीएम धामी की बड़ी सौगात: PRD जवानों का बढ़ेगा मानदेय, हर ग्राम पंचायत में बनेगा खेल क्लब

उत्तराखंड राज्य

देहरादून: राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर देहरादून के पवेलियन ग्राउंड में रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया. कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दौड़ में शामिल युवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और उनका उत्साहवर्धन करते हुए राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश दिया. इस दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं, खिलाड़ियों एवं प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों से संबंधित तमाम महत्वपूर्ण घोषणाएं भी की. जिसके तहत प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों के मानदेय में वृद्धि की जाएगी. साथ ही मानदेय बढ़ाए जाने के लिए जल्द ही बैठक की जाएगी.

साथ ही मुख्यमंत्री ने घोषणा किया कि प्रदेश की हर ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री खेल क्लब का गठन किया जाएगा. उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिलेंगे. यही नहीं, देहरादून के आमवाला स्थित युवा केंद्र के समीप खाली भूमि को युवा कल्याण विभाग के नाम ट्रांसफर किया जायेगा. इस भूमि पर मिनी स्टेडियम एवं अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र का निर्माण किया जाएगा.

इससे युवाओं को खेल सुविधाओं के साथ ही सेना में भर्ती की तैयारी के लिए बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी. सीएम ने मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के तहत तमाम स्तरों पर आयोजित खेल प्रतियोगिताओं के विजेता खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि बढ़ाए जाने की भी घोषणा की है.

इसके तहत न्याय पंचायत स्तर पर प्रथम पुरस्कार 300 से बढ़ाकर 400, द्वितीय पुरस्कार 200 से बढ़ाकर 300 और तृतीय पुरस्कार 150 से बढ़ाकर 200 किया जाएगा. विधानसभा स्तर पर प्रथम पुरस्कार 500 से बढ़ाकर 700, द्वितीय पुरस्कार 400 से बढ़ाकर 500 और तृतीय पुरस्कार 300 से बढ़ाकर 400 रुपए की जाएगी. इसी तरह, संसदीय क्षेत्र स्तर पर प्रथम पुरस्कार 800 से बढ़ाकर 1000, द्वितीय पुरस्कार 600 से बढ़ाकर 800 और तृतीय पुरस्कार 400 से बढ़ाकर 600 किया जाएगा. इसके अलावा, राज्य स्तर पर प्रथम पुरस्कार 1500 से बढ़ाकर 2000, द्वितीय पुरस्कार 1000 से बढ़ाकर 1500 और तृतीय पुरस्कार 700 से बढ़ाकर 1000 रुपए किए जाने की घोषणा की है.

मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के तहत ओवरऑल विजेता जिले को दिए जाने वाले मुख्यमंत्री कप की पुरस्कार राशि को 5 लाख से बढ़ाकर 10 लाख किए जाने की घोषणा की. उन्होंने कहा कि वर्तमान में मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के तहत 32 खेल आयोजित किए जाते हैं, जिनकी संख्या बढ़ाकर 50 की जाएगी. इनमें विशेष रूप से पारंपरिक खेलों को शामिल किया जाएगा. मुख्यमंत्री ने चैंपियनशिप ट्रॉफी के आयोजन के लिए निर्धारित कुल धनराशि में भी वृद्धि किए जाने की घोषणा की. सीएम ने भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए प्रदेशवासियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शुभकामनाएं दीं.

उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और नेतृत्व क्षमता से देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत आधार प्रदान किया. उन्होंने विभिन्न रियासतों का एकीकरण कर सशक्त और एकजुट भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई. हमारी सबसे पहली पहचान भारतीय होने की है. यही भावना हमें आपसी मतभेदों से ऊपर उठकर देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए मिलकर कार्य करने की प्रेरणा देती है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में साल 2014 से सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *