सीएम धामी का सख्त अल्टीमेटम: घोषणाओं पर 20 दिन में शासनादेश जारी करने के निर्देश

उत्तराखंड राज्य

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सचिवालय में डीडीहाट, गंगोलीहाट, कपकोट एवं बागेश्वर विधानसभा क्षेत्रों से संबंधित मुख्यमंत्री घोषणाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन घोषणाओं पर अब तक शासनादेश जारी नहीं हुए हैं, उन्हें अधिकतम 20 दिनों के भीतर जारी किया जाए, ताकि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की देरी न हो।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राज्य सरकार के मूल मंत्र “सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टि” के आधार पर कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि जनहित से जुड़े मामलों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विकास कार्यों में आने वाली समस्याओं को संबंधित जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर शीघ्र दूर करने पर जोर दिया।

बैठक में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के अंतर्गत निर्मित सड़कों के रख-रखाव के लिए संबंधित विभागों की एक समन्वय समिति गठित करने के निर्देश मुख्य सचिव को दिए। उन्होंने कहा कि यह समिति नियमित मॉनिटरिंग कर ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन को सुरक्षित और सुगम बनाए रखेगी।

वन भूमि स्थानांतरण के मामलों पर भी मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जनपद स्तर पर नियमित समीक्षा करें और प्रक्रियाओं में तेजी लाकर विकास कार्यों में आ रही बाधाओं को दूर करें। साथ ही विभागीय समन्वय को और अधिक मजबूत बनाने पर बल दिया गया।

बरसात के मौसम को देखते हुए मुख्यमंत्री ने सभी सड़कों के पैच वर्क को वर्षाकाल से पूर्व अनिवार्य रूप से पूरा करने के निर्देश दिए। खेल अवसंरचना को बढ़ावा देते हुए उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर खेल मैदानों के लिए भूमि उपलब्ध है, वहां 15 दिनों के भीतर धनराशि जारी कर निर्माण कार्य शुरू किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कनालीछीना से पिपली बगड़ीगांव तक मोटर मार्ग के चौड़ीकरण में तेजी लाने, कपकोट में राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय के साथ पूर्व माध्यमिक विद्यालय संचालित करने और बागेश्वर जिला अस्पताल में मरीजों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता पर हों और सभी योजनाओं का समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। राज्य के समग्र विकास में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में विधायक बिशन सिंह चुफाल, सुरेश गड़िया, पार्वती दास, फकीर राम (वर्चुअल), मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *