मुख्यमंत्री से विधायक तिलक राज बेहड़ की शिष्टाचार भेंट

उत्तराखंड राज्य

देहरादून। किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ ने देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट कर पंतनगर क्षेत्र से जुड़ी महत्वपूर्ण जनसमस्याओं को उनके समक्ष रखा।

विधायक बेहड़ ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा संजय कलौनी,मस्जिद कलौनी तथा बाल्मीकि कलौनी के क्षेत्रवासियों को वहां से हटने हेतु नोटिस जारी किए जा रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों में भय एवं असमंजस की स्थिति उत्पन्न हो गई है। उन्होंने मांग की कि जब तक कोई ठोस पुनर्वास योजना तैयार न हो, तब तक किसी भी परिवार को हटाया न जाए तथा प्रभावित लोगों के हितों की रक्षा सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आश्वस्त किया कि इस संबंध में विश्वविद्यालय प्रशासन से वार्ता की जाएगी तथा फिलहाल किसी भी प्रकार की जल्दबाजी में कार्रवाई नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी पक्षों को ध्यान में रखते हुए उचित एवं न्यायसंगत समाधान निकाला जाएगा।

विधायक बेहड़ ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की विभिन्न समस्याओं को भी मुख्यमंत्री के समक्ष प्रमुखता से रखा। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में राज्य स्तर पर वृद्धि किए जाने, केंद्र सरकार को भी मानदेय बढ़ाने हेतु प्रस्ताव भेजने, सेवानिवृत्ति पर 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने तथा अनावश्यक कटौतियों को समाप्त किए जाने की मांग की। साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं को बायोमेट्रिक प्रणाली से न जोड़ने का भी आग्रह किया।

मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की समस्याओं को सहानुभूतिपूर्वक सुनते हुए आश्वासन दिया कि इस विषय में गंभीरता से विचार कर आवश्यक निर्णय लिया जाएगा, जिससे मातृ एवं शिशु कल्याण से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों में लगे कर्मियों को राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *