अयोध्या को 20 इलेक्ट्रिक बसों की सौगात

उत्तर प्रदेश राज्य

होली से पहले श्रद्धालुओं को मिलेगी प्रदूषण-मुक्त और आरामदायक यात्रा सुविधा

अयोध्या। रामनगरी अयोध्या को योगी सरकार की ओर से एक और बड़ी सौगात मिली है। शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में 20 नई इलेक्ट्रिक बसें अवध बस स्टेशन अयोध्या धाम पहुंच चुकी हैं। इन बसों का संचालन होली से ठीक पहले शुरू कर दिया जाएगा, जिससे त्योहार के दौरान बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुगम, सुरक्षित और प्रदूषण-मुक्त यात्रा का अनुभव मिल सकेगा।
अवध बस स्टेशन अयोध्या धाम के क्षेत्रीय प्रबंधक विमल राजन ने बताया कि प्राप्त हुई 20 इलेक्ट्रिक बसों को अयोध्या से प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर और लखनऊ के प्रमुख मार्गों पर संचालित किया जाएगा। प्रत्येक रूट पर पांच-पांच बसें तैनात रहेंगी, जिससे यात्रियों को नियमित और समयबद्ध सेवा मिल सके।
ये सभी बसें 51 सीटों वाली वातानुकूलित (AC) हैं और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हैं। खास बात यह है कि इनका किराया जनरथ बसों के समान ही रखा गया है, जिससे यह सेवा आम यात्रियों के लिए किफायती भी रहेगी।
क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से न केवल यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव मिलेगा, बल्कि शहर में प्रदूषण स्तर को कम करने में भी मदद मिलेगी। होली के अवसर पर श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए संचालन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस योजना को सफल बनाने के लिए अयोध्या मंडल के चार जिलों—अमेठी, अंबेडकर नगर, सुल्तानपुर और अयोध्या—के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (एआरएम) भी सक्रिय रूप से समन्वय कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और परिवहन मंत्री दया शंकर सिंह के नेतृत्व में अयोध्या के विकास को लगातार प्राथमिकता दी जा रही है। आधुनिक परिवहन व्यवस्था की यह नई पहल शहर को स्वच्छ, सुगम और स्मार्ट सिटी के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *