हरक सिंह रावत का बड़ा ऐलान: ‘दोषी साबित हुआ तो ले लूंगा राजनीति से संन्यास, जेनी पर करूंगा मानहानि का केस’

उत्तराखंड राज्य

देहरादून। प्रदेश कांग्रेस की चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष व पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत ने दोहराया कि जेनी ने उन पर जो आरोप लगाए हैं, वह पूरी तरह बेबुनियाद और निराधार हैं। साथ ही कहा कि यदि वह रत्तीभर भी दोषी पाए गए तो राजनीति से संन्यास ले लेंगे।

उन्होंने कहा कि वह शीघ्र ही जेनी के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दर्ज करेंगे। यही नहीं, उनकी छवि खराब करने काे षड्यंत्र रचने वालों को इस बार वह किसी भी कीमत पर नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि वह पाक साफ हैं, ऐसे में कांग्रेस संगठन में पद छोड़ने का कोई सवाल ही नहीं उठता।

पूर्व मंत्री हरक सिंह ने कहा कि वर्ष 2003 में भी असम की जेनी ने उन पर आरोप लगाया था। सीबीआइ व डीएनए जांच में वह बेदाग निकले थे। उन्होंने कहा कि अब भाजपा व प्रदेश सरकार के इशारे पर उनकी छवि को धूमिल करने के उद्देश्य से जेनी को देहरादून बुलाया गया और उन पर वही झूठे आरोप लगवाए गए।

उन्होंने कहा कि पूर्व में भी उनके विरुद्ध षड्यंत्र रचा गया था और अब आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए फिर से षड्यंत्र रचा गया है। पहले तो उनके द्वारा षडयंत्रकारियों को बख्श दिया गया था, लेकिन इस बार किसी को नहीं बख्शेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने जो लड़ाई शुरू की है, उसे वह खत्म करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *