खड़ी होली हमारी सांस्कृतिक पहचान: सीएम धामी, चम्पावत में सजी लोक संस्कृति की रंगत

उत्तराखंड राज्य

चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को जनपद चम्पावत में कलश कला समिति द्वारा आयोजित दो दिवसीय होली महोत्सव का वर्चुअल माध्यम से शुभारंभ किया।

काली कुमाऊँ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक लोक कला के संरक्षण के उद्देश्य से आयोजित इस महोत्सव का विधिवत उद्घाटन जनपद मुख्यालय स्थित श्री दीवान सिंह लड़वाल स्टेडियम में दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि खड़ी होली उत्तराखण्ड की समृद्ध लोक-सांस्कृतिक परंपरा का अभिन्न अंग है और यह महोत्सव हमारी सांस्कृतिक विरासत तथा सामाजिक समरसता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कुमाऊँ क्षेत्र की खड़ी होली और बैठकी होली की परंपरा अद्वितीय है, जिससे उन्हें अपने बचपन की स्मृतियां ताजा हो जाती हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चम्पावत को आदर्श एवं श्रेष्ठ जिला बनाने के उद्देश्य से विभिन्न विकासपरक परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। जनपद में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज, साइंस सेंटर, सड़क निर्माण, आईएसबीटी निर्माण, शारदा रिवर फ्रंट डेवलपमेंट और गोल्ज्यू कॉरिडोर सहित कई महत्वपूर्ण योजनाएं प्रगति पर हैं।

उन्होंने जनपद में किए जा रहे नवाचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले वर्षों में रिवर राफ्टिंग और पैराग्लाइडिंग जैसी साहसिक गतिविधियों का विस्तार हुआ है, जिससे पर्यटन को नई गति मिली है और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़े हैं। महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने और ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ केंद्रों के विस्तार से महिला सशक्तिकरण को मजबूती मिली है तथा आत्मनिर्भरता की दिशा में सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।

मुख्यमंत्री ने आयोजन की सफलता पर समिति को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन समाज में सांस्कृतिक चेतना को सुदृढ़ करते हैं और नई पीढ़ी को अपनी समृद्ध परंपराओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे आधुनिकता के साथ अपनी सांस्कृतिक पहचान को भी सशक्त बनाए रखें।इस अवसर पर जिलाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने भी प्रतिभागी दलों के साथ पारंपरिक होली गायन में सहभागिता की।

कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष हिमेश कलखुड़िया, धर्मराज पुरी महाराज, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामन्त, श्याम नारायण पांडेय, प्रकाश तिवारी, प्रेमा पाण्डेय, अंचला बोहरा, जिलाधिकारी मनीष कुमार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *