रुद्रपुर में ‘विश्व क्षय रोग दिवस’ पर सम्मान समारोह, सामुदायिक भागीदारी पर जोर

उत्तराखंड राज्य

रुद्रपुर। ‘विश्व क्षय रोग दिवस’ के अवसर पर जिला क्षय रोग क्लिनिक, रुद्रपुर में एक विशेष जागरूकता एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. डी.पी. सिंह द्वारा की गई। इस वर्ष का आयोजन जिले के लिए विशेष रहा, क्योंकि ऊधमसिंह नगर को क्षय रोग उन्मूलन की दिशा में उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रदेश के शीर्ष 03 जनपदों में चुना गया है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित प्रदेश के सेवानिवृत्त स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. आर.के. पांडे ने टीबी उन्मूलन के लिए सामुदायिक सहभागिता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि समय पर जांच और पूर्ण उपचार ही इस बीमारी को जड़ से खत्म करने का एकमात्र रास्ता है।
विशिष्ट अतिथि जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. अलोक शुक्ला एवं जिला होम्योपैथिक अधिकारी डॉ. महेश जोशी ने टीबी के उपचार में एकीकृत चिकित्सा पद्धति के महत्व पर प्रकाश डाला। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पीयूष रंजन ने शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता और टीबी के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता जताई। इस अवसर पर टीबी विभाग के कर्मचारियों ने लाभार्थियों को ‘पोषण किट’ वितरित की। कार्यक्रम का सफल संचालन बी. एन. बेलवाल, मुख्य फार्मेसी अधिकाई द्वारा किया गया, जिन्होंने अपनी कुशल मेजबानी से कार्यक्रम में ऊर्जा भरी।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. डी.पी. सिंह ने कहा कि”हमें गर्व है कि हमारा जिला प्रदेश के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले जिलों में शामिल है। हमारा लक्ष्य ‘क्षय रोग मुक्त भारत’ के संकल्प को सिद्ध करना है। मैं सभी स्वास्थ्य कर्मियों और निक्षय मित्रों का आभार व्यक्त करता हूं जिन्होंने इस उपलब्धि में विशेष योगदान दिया।कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने टीबी के प्रति समाज को जागरूक करने और रोगियों की सहायता करने की शपथ ली।

इस अवसर पर पार्षद भूतबंगला गिरीश पाल, डी. पी. एम हिमांशु मुस्यूनी, संजय पाण्डेय, प्रदीप महर, दिनेश जोशी, राहुल श्रीवास्तव, शुभम पपनोई, राजेश अरोड़ा, सुनील सती,रीना सिंह, अभिनव गुप्ता, सौरव आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *