छात्र बताएंगे ‘कैसा हो मेरे सपनों का उत्तराखंड’, सीएम धामी करेंगे 140 युवाओं से मंथन

उत्तराखंड राज्य

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ अभियान के तहत चयनित 140 छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद करेंगे। ‘कैसा हो मेरे सपनों का उत्तराखंड’ विषय पर प्रदेशभर के विद्यार्थियों से प्राप्त 2,67,744 विचारों में से श्रेष्ठ सुझाव देने वाले विद्यार्थियों का चयन किया गया है।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर आयोजित इस संवाद में शासन के वरिष्ठ आइएएस अधिकारी और विभिन्न विभागों के अध्यक्ष भी युवाओं के साथ वैचारिक मंथन करेंगे। शिक्षा, स्वास्थ्य, वन एवं पर्यावरण, स्वरोजगार, पलायन, पर्यटन, आइटी और महिला सशक्तीकरण समेत अन्य क्षेत्रों से जुड़े अधिकारी विद्यार्थियों के विजन को समझेंगे और उनके सुझाव मुख्यमंत्री तक पहुंचाएंगे।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि युवा केवल प्रदेश का भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान में नीति-निर्माण के महत्वपूर्ण सहभागी भी हैं। सरकार विद्यार्थियों के उपयोगी सुझावों को विकास योजनाओं और नीतियों में शामिल करने का प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प में उत्तराखंड के युवा महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

विद्यार्थियों को मिलेगी दो लाख तक की स्कालरशिप

‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ अभियान की शुरुआत 10 अगस्त को हुई थी। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से राज्य के विकास के लिए रचनात्मक सुझाव मांगे थे। चयनित 140 विद्यार्थियों को 12वीं के बाद करियर तैयारी और कोचिंग के लिए दो लाख रुपये तक की स्कॉलरशिप प्रदान की जाएगी।

2,67,744 विद्यार्थियों ने साझा किया विजन

अभियान में कक्षा 11वीं और 12वीं के करीब तीन लाख विद्यार्थियों को जोड़ा गया। इनमें 2,67,744 विद्यार्थियों ने आनलाइन पोर्टल पर अपने विचार साझा किए। विशेषज्ञ टीम ने इनमें से 140 श्रेष्ठ विचारों का चयन किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *