CM धामी को कथित धमकी पर महेंद्र भट्ट का पलटवार, बोले- माहौल बिगाड़ने वालों पर हो सख्त कार्रवाई

उत्तराखंड राज्य

देहरादून। रुद्रपुर में एक मुस्लिम धर्मगुरु की ओर से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को कथित धमकी और देवभूमि का माहौल खराब करने वाले बयान पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सरकार से ऐसे बयानों पर कानून के तहत कठोर कार्रवाई की मांग की।

भट्ट ने कहा कि लगता है विवादित और धमकी भरा बयान देने वाले मौलाना का समय खराब चल रहा है, तभी उन्होंने देवभूमि का रुख किया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता सामाजिक शांति और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ स्वीकार नहीं करेगी।

भट्ट ने कहा कि भाजपा मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में प्रदेश की संस्कृति, पहचान और सामाजिक व्यवस्था को सुरक्षित रखने के लिए किए जा रहे वैधानिक प्रयासों का पूरी मजबूती से समर्थन करती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने कठोर धर्मांतरण कानून, समान नागरिक संहिता, अवैध धार्मिक कब्जों के खिलाफ कार्रवाई और नियमों के विपरीत संचालित संस्थानों पर कानूनी कार्रवाई जैसे कदम उठाए हैं।

उन्होंने कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है। धमकी, उकसावे या भड़काऊ बयानों के जरिये प्रदेश का माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

सरकार संविधान और कानून के दायरे में प्रत्येक नागरिक के अधिकारों की रक्षा करने के साथ सामाजिक शांति और प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *