धामी कैबिनेट का बड़ा फैसला: बिंदुखत्ता समेत वन भूमि की बस्तियों को डी-नोटिफाई करने पर सहमति

उत्तराखंड राज्य

लालकुआं। बिंदुखत्ता को राजस्व गांव बनाने की दिशा में शुक्रवार को प्रदेश सरकार ने महत्वपूर्ण पहल की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में देहरदून में हुई कैबिनेट बैठक में बिंदुखत्ता सहित वन भूमि पर बसे क्षेत्रों को डी-नोटिफाई करने के प्रस्ताव पर सैद्धांतिक सहमति दी गई।

अब राज्य सरकार इस संबंध में प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजेगी। केंद्र की स्वीकृति और संबंधित कानूनी प्रक्रियाओं के बाद राजस्व गांव बनने की राह आगे बढ़ सकेगी।

करीब 3470 हेक्टेयर क्षेत्र में फैले बिंदुखत्ता की 32 बस्तियों में लगभग 70 हजार आबादी निवास करती है। करीब 12 हजार परिवार दशकों से यहां बसे हैं, लेकिन राजस्व गांव का दर्जा न होने के कारण भू स्वामित्व, राजस्व अभिलेखों और विभिन्न सरकारी प्रक्रियाओं से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

हालांकि क्षेत्र में सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य और बाजार जैसी सुविधाएं विकसित हो चुकी हैं, लेकिन जमीन के अधिकार और राजस्व पहचान का मुद्दा लंबे समय से अधर में है।

पहले प्रस्ताव को अस्वीकार कर चुका है केंद्र

राज्य बनने के बाद बिंदुखत्ता को राजस्व गांव बनाने के लिए वर्ष 2004 में तत्कालीन मुख्य सचिव डा. आरएस टोलिया ने केंद्र को प्रस्ताव भेजा था। वर्ष 2007-08 में वन विभाग ने भी बस्तियों के नियमितीकरण का प्रस्ताव भेजा, जिसे वर्ष 2014 में केंद्र ने अस्वीकार कर दिया।

तत्कालीन मुख्यमंत्री बीसी खंडूड़ी ने 2009, रमेश पोखरियाल निशंक ने 2011 और हरीश रावत ने 2015 में राजस्व गांव बनाने की घोषणा की थी। हरीश रावत सरकार ने बिंदुखत्ता को नगर पालिका का दर्जा भी दिया, लेकिन ग्रामीणों के विरोध के बाद सरकार को यह निर्णय वापस लेना पड़ा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 20 फरवरी 2024 को भी बिंदुखत्ता को राजस्व गांव बनाने की घोषणा की थी। वन अधिकार अधिनियम के तहत 11,703 परिवारों का सामूहिक दावा 19 जून 2024 को जिला स्तरीय वन अधिकार समिति ने स्वीकार कर शासन को भेजा था, लेकिन बाद में उसे पुनः परीक्षण के लिए वापस भेज दिया गया।

आंदोलन और राजनीतिक पहल

राजस्व गांव की मांग को लेकर कांग्रेस, भाकपा माले और वन अधिकार संगठन समेत विभिन्न संगठनों ने लंबे समय तक आंदोलन किया। शहीद स्मारक पर धरने, देहरादून, हल्द्वानी, लालकुआं और बिंदुखत्ता में रैलियों के माध्यम से मांग उठाई गई। 23 नवंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बिंदुखत्ता में वन अधिकार संगठन और पूर्व सैनिक संगठन के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर मामले को कैबिनेट में रखने का आश्वासन दिया था।

हमारी सरकार शुरू से ही इस मुद्दे पर कार्य कर रही थी। बिंदुखत्ता के राजस्व गांव का मामला कैबिनेट में पास होने पर सभी क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं। राजस्व गांव की दिशा में हमारी सरकार ने एक ठोस पहल की है। अब केंद्र स्तर पर पैरवी की जाएगी। वन बंदोबस्ती की प्रक्रिया में भी संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। – डा. मोहन सिंह बिष्ट, विधायक, लालकुआं

केंद्र को प्रस्ताव भेजने की सैद्धांतिक सहमति बनी है। सरकार ने पांच साल में इतना ही कार्य किया है। वन अधिनियम के तहत प्रक्रिया से आसानी से राजस्व गांव बनाया जा सकता था। उस पर कार्य करने के बजाय चुनाव नजदीक देखकर जनता को गुमराह किया जा रहा है। – उमेश भट्ट, अध्यक्ष, वन अधिकार संगठन

वन भूमि पर बसे गांवों के लिए प्रस्ताव की सैद्धांतिक सहमति चुनावी झुनझुने से अधिक कुछ नहीं है। पूर्व में भी बिंदुखत्ता, बापू ग्राम और बग्घा चौवन के लिए मुख्य सचिव की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय कमेटी गठित की गई थी, लेकिन उसकी प्रगति अब तक स्पष्ट नहीं है। धामी सरकार ने तो अपनी घोषणा विलोपित भी कर दी थी, जिसे बड़े जनदबाव में पुनर्जीवित किया गया। फिलहाल चुनावी मौसम में यह सब जुमलेबाजी है। – डा. कैलाश पांडे, जिला सचिव, भाकपा माले

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *