यूपी:/बहुजन समाज पार्टी (BSP) की सुप्रीमो मायावती ने मंगलवार को एक तीखे बयान के साथ सियासी गलियारों में हलचल मचा दी. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी न तो राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) का हिस्सा है और न ही विपक्षी गठबंधन ‘INDIA ब्लॉक’ के साथ है. मायावती ने कुछ मीडिया चैनलों पर BSP के खिलाफ साजिश रचने और जानबूझकर गलत खबरें फैलाने का गंभीर आरोप लगाया. उन्होंने बाकायदा एक न्यूज़ चैनल का नाम लेते हुए कहा कि पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से ऐसा किया जा रहा है.
मायावती ने अपने बयान में कहा कि BSP अपनी स्वतंत्र नीतियों और सिद्धांतों के साथ ‘सर्वजन हिताय व सर्वजन सुखाय’ के मंत्र पर काम कर रही है. उन्होंने दावा किया कि कुछ खास तत्व उनकी पार्टी की इस स्वतंत्रता और मजबूत जनाधार से घबराए हुए हैं. इन तत्वों द्वारा मीडिया के जरिए फर्जी खबरें और अफवाहें फैलाई जा रही हैं, ताकि BSP की छवि को धूमिल किया जा सके. मायावती ने अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से ऐसी खबरों पर ध्यान न देने और सावधानी बरतने की अपील की.
NDA और INDIA गठबंधन से दूरी
मायावती ने अपने बयान में दोहराया कि BSP न तो NDA के साथ है और न ही INDIA गठबंधन का हिस्सा है. उन्होंने कहा, “यह सर्वविदित है कि बहुजन समाज पार्टी न तो बीजेपी के नेतृत्व वाले NDA गठबंधन के साथ है और न ही कांग्रेस के नेतृत्व वाले INDIA समूह के साथ. हम किसी भी जातिवादी गठबंधनों से अलग हैं.” यह बयान मायावती की उस पुरानी रणनीति को दर्शाता है, जिसमें उन्होंने बार-बार जोर दिया है कि BSP अपनी स्वतंत्र पहचान और दलित, पिछड़ा, और अल्पसंख्यक समुदायों के हितों को प्राथमिकता देगी.
