उत्तराखंड के सभी 13 जिलों में मेगा मॉक ड्रिल, आपदा से निपटने की तैयारियां परखीं

उत्तराखंड राज्य

देहरादून: उत्तराखंड में प्राकृतिक आपदाएं हमेशा से बड़ी चुनौती रही हैं. पहाड़ी भौगोलिक परिस्थितियों के चलते प्रदेश में भूकंप, भूस्खलन, बाढ़, बादल फटने और अतिवृष्टि जैसी घटनाओं का खतरा बना रहता है. इसके अलावा शहरी इलाकों में आग लगने और भगदड़ जैसी घटनाएं भी कभी भी बड़ी मुश्किल खड़ी कर सकती हैं. ऐसे में किसी भी आपदा के दौरान जान-माल के नुकसान को कम करने के लिए समय पर राहत और बचाव कार्य शुरू करना बेहद जरूरी है. इसी तैयारी को परखने और आपदा के समय अलग-अलग विभागों के बीच बेहतर तालमेल बनाने के लिए शनिवार को उत्तराखंड के सभी 13 जनपदों में बड़े स्तर पर मॉक ड्रिल आयोजित की गई.

28 नवंबर को प्रदेशभर में आयोजित इस मॉक ड्रिल के जरिए यह समझने और परखने की कोशिश की गई कि अगर किसी इलाके में अचानक आपदा आ जाए तो प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और अन्य संबंधित विभाग किस तरह से मोर्चा संभालेंगे. प्रदेश के करीब 300 अलग-अलग स्थानों पर आयोजित इस अभ्यास में एक लाख से ज्यादा लोगों ने हिस्सा लिया. इसमें अलग-अलग तरह की आपदा की परिस्थितियां बनाकर राहत और बचाव कार्यों का अभ्यास किया गया.

कहीं अस्पताल में आग लगने की स्थिति तैयार की गई तो कहीं भूकंप के बाद इमारत में फंसे लोगों को बाहर निकालने का अभ्यास हुआ. इसके अलावा नदी में बाढ़ आने, भूस्खलन होने और सार्वजनिक स्थानों पर भगदड़ जैसी परिस्थितियों को भी मॉक ड्रिल में शामिल किया गया.

इस दौरान लोगों को बताया गया कि आपदा आने पर सबसे पहले क्या करना चाहिए? सुरक्षित स्थान तक कैसे पहुंचना है? प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का किस तरह पालन करना है? वहीं, बचाव दलों ने भी अलग-अलग परिस्थितियों में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने, घायलों को प्राथमिक उपचार देने और जरूरत पड़ने पर अस्पताल पहुंचाने का अभ्यास किया. इस पूरी कवायद का मकसद केवल विभागों की तैयारियों को देखना नहीं, बल्कि आम लोगों को भी आपदा के समय घबराने के बजाय सही कदम उठाने के लिए तैयार करना है.

उत्तराखंड में आपदा प्रबंधन को मजबूत करने की दिशा में सरकार लगातार प्रयास करने की बात कह रही है. उत्तरकाशी की सिल्क्यारा सुरंग में हुए हादसे के दौरान चलाए गए बड़े रेस्क्यू ऑपरेशन ने भी प्रदेश के आपदा प्रबंधन तंत्र के सामने कई चुनौतियां रखी थीं. इस रेस्क्यू अभियान में अलग-अलग एजेंसियों के बीच समन्वय और आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल की अहमियत सामने आई थी. इसी ऐतिहासिक रेस्क्यू ऑपरेशन की याद में 28 नवंबर को आपदा प्रबंधन दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया है. इस मौके पर प्रदेशभर में मॉक ड्रिल आयोजित कर आपदा से निपटने की तैयारियों को और मजबूत करने की कोशिश की गई.

इस पूरी मॉक ड्रिल की निगरानी उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मुख्यालय से की गई. यहां से सभी 13 जनपदों में चल रहे अभ्यास पर नजर रखी गई. संबंधित अधिकारियों से लगातार जानकारी ली गई. सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन के मुताबिक, इस अभ्यास में बड़े स्तर पर लोगों और विभिन्न विभागों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है. मॉक ड्रिल के जरिए यह भी परखा जा रहा है कि आपदा की स्थिति में राहत और बचाव दल कितनी तेजी से मौके पर पहुंचते हैं. उपलब्ध संसाधनों का किस तरह इस्तेमाल करते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *