देहरादून: आपदा और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए देहरादून में आज रात सिविल डिफेंस की ओर से ‘नाइट एयर रेड’ और ‘ब्लैकआउट’ मॉक ड्रिल आयोजित की गई. इस दौरान रात 10:05 बजे दो बार एयर रेड अलर्ट का सायरन बजाया गया . वहीं, अभ्यास समाप्त होने और स्थिति सामान्य होने का संकेत देने के लिए रात करीब 10:30 बजे दोबारा दो मिनट तक सायरन बजाकर ‘ऑल क्लियर’ का संकेत दिया गया. यह मॉक ड्रिल का अभ्यास करीब 25 मिनट तक चला.
जिला प्रशासन के अनुसार, इस मॉक ड्रिल का उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में संबंधित एजेंसियों की तैयारियों, आपसी समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता का आकलन करना था. अभ्यास के दौरान एयर रेड अलर्ट जारी होने के बाद सिविल डिफेंस की टीम जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC) को एयर रेड हमले की सूचना देगी. इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत आपातकालीन स्थिति से निपटने की तैयारियों का परीक्षण किया जाएगा.
तीन स्थानों पर आयोजित की गई मॉक ड्रिल: ‘नाइट एयर रेड’ और ‘ब्लैकआउट’ मॉक ड्रिल के लिए देहरादून में तीन स्थान चिह्नित किए गए थे. इनमें चकराता रोड स्थित कैपरी ट्रेड सेंटर, रेसकोर्स स्थित बन्नू स्कूल और रायपुर रोड स्थित DEAL शामिल हैं. इन तीनों स्थानों पर सिविल डिफेंस की टीमें मॉक ड्रिल के माध्यम से आपातकालीन परिस्थितियों में अपनी कार्यप्रणाली का अभ्यास किया.
सायरन सुनकर न घबराएं लोग: मॉक ड्रिल को लेकर जिला प्रशासन ने आमजन से पहले ही विशेष अपील की है कि रात में सायरन की आवाज सुनकर किसी तरह की घबराहट या भय की स्थिति पैदा न करें. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सायरन किसी वास्तविक हमले या खतरे का संकेत नहीं होगा, बल्कि यह पहले से निर्धारित मॉक ड्रिल का हिस्सा है.
देहरादून जिलाधिकारी आशीष चौहान ने बताया है कि रात 10:05 बजे बजने वाला सायरन एयर रेड अलर्ट का संकेत होगा, जबकि करीब 10:30 बजे बजने वाला दूसरा सायरन ‘ऑल क्लियर’ यानी अभ्यास समाप्त होने और स्थिति सामान्य होने का संकेत देगा. जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें.
