मिल्कीपुर उपचुनाव जीत से अयोध्या हार पर लग सकता है मलहम : दिनेश प्रताप सिंह

Video News

मिल्कीपुर उपचुनाव जीत से अयोध्या हार पर लग सकता है मलहम : दिनेश प्रताप सिंह

प्रदेश के उद्यान राज्य मंत्री और कृषि मंत्री ने कई सड़कों का किया शिलान्यास

अयोध्या। अयोध्या के अमानीगंज विकासखंड के सिधारी बजार उधरनपुर में पंचायत विभाग की प्रदर्शनी लगाई गई। जिसका उद्घाटन प्रदेश के उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह और जिले के प्रभारी कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने फीता काटकर किया। दोनों मंत्रियों ने लगाए गए स्टालों का भ्रमण करते हुए मिल्कीपुर क्षेत्र की आधा दर्जन सड़कों के शिलान्यास के क्रम में शिलापट का अनावरण किया। उन्होंने कार्यक्रम में क्षेत्र के लोगों को फलदार पौध भी वितरण किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उद्यान राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि अयोध्या में भी पारंपरिक खेती होनी चाहिए। क्योंकि कुशीनगर के किसान स्ट्रॉबेरी की खेती करके 1 एकड़ में 20 लाख का मुनाफा कमाते हैं। जबकि धान गेहूं में 40 हजार प्रति एकड़ ही मुनाफा होता है। फूलों की खेती करिए अयोध्या में जितना फूल की आवश्यकता है। उसका 5 प्रतिशत भी यहां पैदा नहीं होता है। उन्होंने कहा कि हम लोकसभा चुनाव में रायबरेली सीट हार गए, कोई बात नहीं, लेकिन अयोध्या हारने का दर्द है।
इस बार मलहम मिल्कीपुर से लग सकता है। आप लोग यदि मलहम लगाने का काम करेंगे तो सरकार भी आपको ज्यादा करके देंगी और अयोध्या का नाम होगा। भारत को संस्कृति सम्पन्न करने का काम मोदी योगी कर रहे हैं। दिनेश सिंह ने कांग्रेस पर तंज करते हुए कहा कि रायबरेली में मां बेटे को किसी ने दुर्गापूजा पंडाल में जाते नहीं देखा होगा।लेकिन टोपी लगाकर ईद में जरूर जाते देखा होगा। योगी जी ने कहा है यदि बटते जाओगे तो कटते जाओगे। देश तुम्हें माफ नहीं करेगा। भारतीय संस्कृति जिस दिन खत्म हो जाएगी, उस दिन तुम भी खत्म हो जाओगे।
प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र में 1947 से लेकर अब तक दो बार ही भाजपा के विधायक चुने गए हैं। 70 साल तक विपक्ष के विधायक थे। लेकिन विकास नहीं हुआ। योगी जी ने पूरे प्रदेश में सड़कों का जाल बिछा दिया है। अखिलेश यादव कहते हैं अयोध्या के राजा अवधेश प्रसाद हैं, वे भगवान का अपमान कर रहे हैं। अखिलेश यादव आज तक रामलला के दर्शन करने नहीं आए। क्योंकि मुसलमान का वोट न खराब हो जाए। वैदिक काल से जनता ही जनार्दन है। योगी की सरकार ने किसानों के ट्यूबवेल का बिल माफ कर दिया है।
मिल्कीपुर की जनता के पास ही वह मरहम है, जिससे देश में एक नया संदेश जा सके। हम आप लोगों के साथ हैं, आप लोगों की हर समस्या का समाधान करेंगे। आप लोग विष्णु भगवान के कमल को मिल्कीपुर से जिता कर भेज दीजिए। भाजपा मंडल अध्यक्ष कुमारगंज बंशीधर शर्मा के संयोजन में ग्राम चौपाल एवं पंचायत विभाग की प्रदर्शनी का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम का संचालन जिले के भाजपा महामंत्री राधेश्याम त्यागी ने किया।
इस मौके पर जिला अध्यक्ष संजीव सिंह, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि पवन सिंह, पूर्व विधायक गोरखनाथ बाबा, मंडल अध्यक्ष अजय तिवारी, अर्जुन सिंह, चंद्रभान पासवान, चंद्रकेश रावत, विनय रावत, शांती देवी पासी, विजय बहादुर फौजी, विजय कुमार उपाध्याय, सुनील तिवारी, शीतला बाजपेई, शंभू सिंह, अशोक मिश्रा, अंगद सिंह, मंडल महामंत्री सर्वेश तिवारी, अनीत सिंह , अमरेंद्र मौर्य,सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी समेत प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *