उत्तराखंड बीजेपी में सियासी हलचल तेज: नवनियुक्त प्रभारी राम माधव और सह-प्रभारी बांसुरी स्वराज का पहला प्रदेश दौरा

उत्तराखंड राज्य

देहरादून: उत्तराखंड बीजेपी में एक बार फिर से सियासी हलचल तेज होने वाली है. क्योंकि उत्तराखंड बीजेपी के प्रदेश प्रभारी राम माधव और सह प्रभारी बांसुरी स्वराज व अरविंद मेनन दो दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड आ रहे हैं.

उत्तराखंड बीजेपी के लिए अगले कुछ दिन खास रहने वाले हैं. उत्तराखंड बीजेपी के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी राम माधव, सह प्रभारी बांसुरी स्वराज और अरविंद मेनन दो दिवसीय दौरे दो और तीन अक्टूबर को उत्तराखंड आ रहे हैं. नई जिम्मेदारी मिलने के बाद तीनों नेताओं का यह पहला उत्तराखंड दौरा हैं.

पार्टी पदाधिकारियों के साथ करेंगे बैठक: उत्तराखंड बीजेपी के प्रदेश प्रभारी राम माधव और दोनों सह प्रभारी प्रदेश से लेकर जिला स्तर तक पार्टी के कामकाज, प्रचार-प्रसार और आने वाले कार्यक्रमों को लेकर संगठन के पदाधिकारियों से सीधे बातचीत करेंगे. इस बारे में ज्यादा जानकारी देते हुए उत्तराखंड बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रदेश प्रभारी राम माधव की सभी प्रमुख पदाधिकारियों के साथ बैठक रखी गई है. पहले दिन इस बैठक में प्रदेश में पार्टी की मौजूदा गतिविधियों के साथ ही आने वाले कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की जाएगी.

भाजपा के पांच प्रकोष्ठों के साथ बैठक होगी: बैठक के दूसरा दिन संगठन के लिहाज से काफी अहम रहेगा. इस दिन भाजपा के पांच प्रकोष्ठों के साथ बैठक होगी. इसके अलावा पार्टी के सभी जिलाध्यक्षों और जिला संयोजकों को भी बैठक में शामिल किया जाएगा. इस बैठक में मुख्य फोकस पार्टी के प्रचार-प्रसार पर रहेगा. प्रदेश स्तर से तैयार होने वाले कार्यक्रमों और पार्टी की गतिविधियों को जिला और मंडल स्तर तक किस तरह पहुंचाया जाए, इसको लेकर चर्चा होगी.

इसके साथ ही जिलों में पार्टी के प्रचार-प्रसार को लेकर चल रही गतिविधियों की जानकारी भी ली जाएगी. जिला अध्यक्षों और संयोजकों के साथ बातचीत में स्थानीय स्तर पर पार्टी के कार्यक्रमों को लेकर भी फीडबैक लिया जाएगा. भाजपा के नए प्रदेश प्रभारी और सह प्रभारी के लिए यह दौरा संगठन को करीब से समझने का पहला मौका भी होगा.

बता दें कि उत्तराखंड में अगले साल 2027 में विधानसभा चुनाव होने है, जिसके लिए ज्यादा वक्त नहीं बचा है. ऐसे में नए प्रदेश प्रभारी और सह प्रभारियों को ये दौरा काफी अहम माना जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *