हल्द्वानी विवाद के बीच सियासी पारा चढ़ा, गोदियाल ने भाजपा पर लगाए ध्रुवीकरण के आरोप

उत्तराखंड राज्य

देहरादून: उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गणेश गोदियाल भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की ओर से हल्द्वानी में राहुल गांधी पर दिए गए बयान की कड़े शब्दों में निंदा की है. उन्होंने बयान जारी करते हुए कहा कि देश को धर्म जाति और संप्रदाय के नाम पर बांटने का धंधा करने वाली पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को बंटवारे की राजनीति पर ज्ञान देने का कोई नैतिक हक नहीं है.

प्रेस को जारी किए गए बयान में उन्होंने कहा है कि उत्तराखंड की पवित्र भूमि पर आकर इस तरह की विभाजनकारी बयानबाजी करना उनकी संकीर्ण सोच को दर्शाता है. उन्होंने कहा कि भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष या भूल गए हैं कि राहुल गांधी ने नफरत की राजनीति के खिलाफ कन्याकुमारी से कश्मीर और मणिपुर से मुंबई तक हजारों किलोमीटर की ऐतिहासिक पदयात्रा की, और देश को एकजुट करने के लिए आपसी सौहार्द, भाईचारे का संदेश दिया. लेकिन भाजपा 24 घंटे देश में नफरत की राजनीति कर रही है.

राहुल गांधी जब पिछड़ों , दलित और शोषितों को हक दिलाने के लिए जातिगत जनगणना की मांग कर रहे हैं तो भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष को इसमें देश का बंटवारा नजर आने लगता है. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा का बंटवारे और ध्रुवीकरण की राजनीति करना ही उनके डीएनए में है. इस दौरान गोदियाल ने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि उनका हल्द्वानी में आना केवल अपनी विफलताओं को छिपाने के समान है.

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में डबल इंजन की सरकार है जो हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है. उन्होंने महिला सुरक्षा,अंकिता हत्याकांड, बेरोजगारी, महंगाई जैसे विषयों पर सवाल उठाते हुए कहा कि इन बुनियादी सवालों पर जवाब देने की बजाय भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर झूठे आरोप लगाकर राज्य की जनता का ध्यान भटकने की कोशिश भर की है.

गौरतलब है कि 8 अगस्त को हल्द्वानी स्थित रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की एक बड़ी जनसभा आयोजित हुई थी.आरोप है कि इस रैली के तीन दिन बाद यानी 11 अगस्त को कुछ लोगों द्वारा उसी मैदान और मंच पर धार्मिक अनुष्ठान कर शुद्धिकरण किया गया.कांग्रेस पार्टी ने इस पूरे प्रकरण को दलित नेता के मंच पर मौजूद होने से जोड़ते हुए इसे ‘कथित शुद्धिकरण’ करार दिया है और इसे दलित विरोधी मानसिकता बताया है.

घटना के बाद से कांग्रेस लगातार विरोध प्रदर्शन कर रही है और भाजपा सरकार व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रही है. दूसरी ओर, इस विवाद पर उत्तराखंड भाजपा के नेता मीडिया में बयान देते हुए कथित शुद्धिकरण की घटना को सही ठहराया था, जिसके बाद यह मामला और गरमा गया है. कांग्रेस इस मुद्दे पर बीजेपी को जमकर घेर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *