नोएडा। ग्राम छलेरा बांगर में आज नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों द्वारा एक चौपाल का आयोजन किया गया, जिसमें गांव के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे ग्रामीणों ने जोर-शोर से उठाए।
चौपाल के दौरान ग्रामवासियों ने खसरा संख्या 512 में चिकित्सालय निर्माण, गांव की क्षतिग्रस्त सिविल लाइनों को बदलवाने, गली नंबर 2 में टूटी पुलिया के पुनर्निर्माण, जर्जर गलियों में सीसी रोड निर्माण, बारात घरों के रिनोवेशन तथा पूरे गांव में पीएनजी गैस लाइन बिछाने की मांग प्रमुखता से रखी।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि इन मांगों को लेकर पूर्व में भी प्राधिकरण को आवेदन दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक धरातल पर कोई ठोस कार्यवाही नहीं दिखी है। इस पर उन्होंने अधिकारियों से स्पष्ट जवाब मांगा।
चौपाल में मौजूद प्राधिकरण अधिकारियों ने सभी मुद्दों को टेंडर प्रक्रिया में शामिल होने की बात कहते हुए जल्द कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया। हालांकि, जब कार्यों की समय-सीमा के बारे में पूछा गया तो अधिकारी स्पष्ट जवाब देने में असमर्थ नजर आए।
इसको लेकर ग्रामीणों में नाराजगी भी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि नोएडा प्राधिकरण का सिटीजन चार्टर केवल कागजों तक सीमित नजर आ रहा है, जबकि जमीनी स्तर पर विकास कार्यों की गति बेहद धीमी है।
छलेरा बांगर रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष रवि चौहान ने कहा कि ग्रामवासियों की समस्याएं लंबे समय से लंबित हैं और यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आगे बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
ग्रामीणों ने प्राधिकरण से मांग की है कि सभी विकास कार्यों की स्पष्ट समय-सीमा तय कर उसे सार्वजनिक किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
