राम मंदिर दान चोरी: टिन्नू से पुलिस ने जेल में उगलवाए राज, अब कस्टडी की तैयारी, कल सुनवाई

उत्तर प्रदेश राज्य

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच अब निर्णायक मोड़ पर पहुंचती दिख रही है। दो आरोपियों की कस्टडी रिमांड पूरी होने के बाद पुलिस ने अब मुख्य आरोपी रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू और उसके भतीजे मनीष यादव से पूरे नेटवर्क और चोरी की रकम के निवेश का राज उगलवाने की तैयारी तेज कर दी है। दोनों से पूछताछ के बाद पुलिस कस्टडी रिमांड लेने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ा रही है।

बुधवार देर रात सुभाष श्रीवास्तव और रमाशंकर मिश्रा की कस्टडी रिमांड समाप्त होने के बाद उन्हें दोबारा जिला जेल भेज दिया गया। इसके अगले ही दिन गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे विवेचक एवं सीओ अयोध्या आशुतोष तिवारी टीम के साथ जिला जेल पहुंचे। वहां करीब डेढ़ घंटे तक टिन्नू और मनीष यादव से आमने-सामने पूछताछ की गई। पूछताछ का केंद्र चढ़ावा चोरी से जुड़ी रकम, उसके निवेश और उससे अर्जित संपत्तियां रहीं।

नए इनपुट भी पुलिस के हाथ लगे

सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने दोनों आरोपियों से अलग-अलग पहलुओं पर सवाल पूछे और राजस्व विभाग से प्राप्त जमीन संबंधी अभिलेखों का भी मिलान कराया। पूछताछ के दौरान टिन्नू से जुड़ी कुछ जमीनों की जानकारी सामने आई है, जिनका सत्यापन कराया जा रहा है। इसके अलावा चोरी की रकम के निवेश और कुछ अन्य लोगों की संभावित भूमिका से जुड़े नए इनपुट भी पुलिस के हाथ लगे हैं।

जांच एजेंसियों का मानना है कि इन तथ्यों के आधार पर टिन्नू और मनीष की कस्टडी रिमांड मिलने पर मामले में कई अहम खुलासे हो सकते हैं। पुलिस को उम्मीद है कि दोनों आरोपियों से पूछताछ के दौरान चोरी की रकम के ठिकाने, उसके इस्तेमाल और पूरे नेटवर्क से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य व नई बरामदगी सामने आएगी।

सूत्रों का कहना है कि अब तक की जांच में मिले तथ्यों और पूछताछ से प्राप्त सूचनाओं का सत्यापन किया जा रहा है। इसके बाद पुलिस अदालत में कस्टडी रिमांड का अनुरोध कर दोनों आरोपियों से विस्तृत पूछताछ करेगी। माना जा रहा है कि यह चरण राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण की जांच का सबसे महत्वपूर्ण पड़ाव साबित हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *