हल्द्वानी। रामगढ़ मल्ला के पास खाई में गिरे फरीदाबाद से आए टेंपो ट्रेवलर के घायलों से शुक्रवार को जिला प्रशासन की टीम ने एसटीएच पहुंचकर मुलाकात की।
अधिकारियों ने घायलों की स्थिति की जानकारी लेते हुए अस्पताल प्रबंधन को उनके निश्शुल्क इलाज के लिए निर्देशित किया। इसके लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं।
अधिकारियों ने घायलों को आश्वस्त किया कि उनके इलाज में किसी प्रकार की समस्या नहीं आएगी। सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी ने बताया कि अस्पताल में भर्ती अधिकांश घायलों की स्थिति खतरे से बाहर है।
हालांकि, एक व्यक्ति की अस्पताल पहुंचने पर मौत हो गई, जबकि एक की मौके पर ही मृत्यु हो गई। एक अन्य शव को खाई से बाहर निकाला जा रहा है। इस दौरान पर एडीएम विवेक राय, एसडीएम मोनिका और तहसीलदार कुलदीप पांडे भी उपस्थित रहे।
