तीन जिलों में वारदात, एक ही मास्टरमाइंड, रूदौली पुलिस ने खोला राज

उत्तर प्रदेश राज्य

अयोध्या। सुनसान हाईवे और ग्रामीण सड़कों पर अकेली वृद्ध महिलाओं को निशाना बनाकर छिनैती करने वाला अंतर्जनपदीय गिरोह आखिरकार कानून के जाल में फंस गया। पुरानी बाइक, बदली हुई नंबर प्लेट और अचानक वार कर फरार हो जाने की चाल सब कुछ प्लान के तहत होता था। लेकिन कोतवाली रूदौली पुलिस की तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल और लगातार निगरानी ने गिरोह का पूरा राज खोल दिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में अखिलेश उर्फ अभिलेश उर्फ धुनधुन (34) पुत्र कल्लू निवासी ग्राम बिरौली थाना सफदरगंज, जनपद बाराबंकी तथा नईम अहमद (40) पुत्र मो. अहमद निवासी ग्राम बिरौली थाना सफदरगंज, जनपद बाराबंकी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी सुनसान रास्तों पर पहले रेकी करते, फिर झांसा देकर या अचानक धक्का देकर नाक के बूंदे और गले की माला छीनकर फरार हो जाते थे। पहचान छिपाने के लिए मोटरसाइकिल पर फर्जी नंबर प्लेट लगाते थे।
जांच में सामने आया कि 19 जनवरी को बाबा बाजार, 31 जनवरी को कोठी बाराबंकी और 14 फरवरी को भेलसर रूदौली में इन्होंने तीन अलग-अलग वारदातों को अंजाम दिया। तीनों मामलों में मुकदमे दर्ज थे और पुलिस सुराग जोड़ने में जुटी थी।
सीसीटीवी फुटेज और सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को धर दबोचा। इनके कब्जे से 2 नाक के बूंदे, एक पीली धातु की मटर माला और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद हुई। पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं, जबकि दोनों पर पूर्व में भी आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
ग्रामीण पुलिस अधीक्षक बलवंत चौधरी ने बताया कि बुजुर्गों को निशाना बनाने वाले अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा और जनपद में कानून-व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक संजय मौर्य, उपनिरीक्षक युवराज सिंह चौकी प्रभारी भेलसर, हेड कांस्टेबल संतोष कुमार, कांस्टेबल अभिषेक कुमार, दुर्गा प्रसाद यादव व रजत कुमार की अहम भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *