कहीं इंदौर जैसे हालात न हो जाएं गुलमोहर एनक्लेव सोसायटी में, पानी का टीडीएस 700 पार

दिल्ली/एनसीआर

-दूषित पानी सेहत के लिए बनता जा रहा है खतरनाक, बच्चे बुजुर्ग हो रहे हैं बीमार

गाजियाबाद। बीते दिनों इंदौर में दूषित पानी का सेवन करने के कारण हुई मौतों के बाद गाजियाबाद के राकेश मार्ग स्थित गुलमोहर एन्क्लेव सोसाइटी में भी दहशत का माहौल है। यहां पिछले काफी समय से पानी का टीडीएस लेवल खतरे की घण्टी बजा रहा है। एक स्थानीय निवासी ने आरडब्लूए ऑफिस में जाकर पानी का टीडीएस नापा जिसका लेवल देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। उन्होंने आरडब्लूए से स्वच्छ पानी की सप्लाई की मांग की है।

जानकारी के मुताबिक गुलमोहर एन्क्लेव सोसाइटी निवासी रामशरण जग्गा मंगलवार को आरडब्लूए ऑफिस पहुंचे और वहां पानी के टीडीएस की जांच की। जांच में पानी का टीडीएस 746 निकला जिसे देखकर उन्हें अपने परिवार व सोसायटी के अन्य लोगों की सेहत के लिए चिंता होने लगी है। रामशरण जग्गा ने मुख्यमंत्री पोर्टल, एक्स और नगर निगम की एप 311 पर भी शिकायत की है। रामशरण जग्गा ने कहा कि नगर निगम और सोसायटी की आरडब्लूए की जिम्मेदारी है कि वह सभी निवासियों को स्वच्छ पानी उपलब्ध करवाये। लेकिन कोई भी इंदौर के उस बड़े हादसे से सबक लेने को तैयार नहीं है जिसमें दूषित पानी के सेवन से लोगों की जान तक चली गईं। उन्होंने मांग की है कि सभी निवासियों को स्वच्छ पानी उपलब्ध कराया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *