सपा का खाता वहां खुला, जहां नहीं खुलना चाहिए था, यूपी एमएलसी चुनाव रिजल्ट पर केशव मौर्य बोले

उत्तर प्रदेश राज्य

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में विधान परिषद की 11 सीटों के लिए हुए चुनाव में 8 सीटों के परिणाम सामने आ गए हैं। इन आठ सीटों में से 5 सीटों पर बीजेपी और 3 सीटों पर समाजवादी पार्टी को जीत मिली है। विधान परिषद सदस्य (MLC) के चुनाव परिणाम पर उत्तर प्रदश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है कि ‘ भाजपा ने अपना पिछला प्रदर्शन दोहराया है, लेकिन पार्टी उतनी सीटें नहीं जीत सकी जितनी सीटों की उम्मीद कर रही थी। उन्होंने कहा कि सपा का वहां भी खाता खुल गया जहां नहीं खुलना चाहिए था।

अपेक्षा से कम आईं बीजेपी की सीटें

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि, ‘यह चुनाव बहुत योग्य और शिक्षित लोगों के मताधिकार के आधार पर होता है। भारतीय जनता पार्टी ने पिछला प्रदर्शन तो दोहराया है। हम लोग और अधिक सीटें जीतने की अपेक्षा कर रहे थे। उतनी सीटें नहीं मिल पाई हैं। इसको भी देखेंगे, सपा का वहां खाता खुल गया, जहां नहीं खुलना चाहिए था, उस पर विचार करेंगे। आगे जब चुनाव होंगे तो उसमें भाजपा फिर से जीते, इसकी कोशिश करेंगे।’

पांच सीटों पर बीजेपी का कब्जा

एमएलसी चुनाव की तीन सीटों के नतीजे आना अभी शेष है। अब तक आठ सीटों के नतीजे घोषित किए जा चुके हैं। इनमें से पांच सीटें पर बीजेपी और तीन समाजवादी पार्टी जीती है। बीजेपी ने आगरा स्नातक सीट, मेरठ शिक्षक सीट, मेरठ स्नातक सीट, लखनऊ शिक्षक सीट और बरेली-मुरादाबाद शिक्षक सीट जीत ली है। समाजवादी पार्टी ने वाराणसी शिक्षक सीट, इलाहाबाद-झांसी स्नातक सीट और आगरा शिक्षक सीट जीत ली है।

मेरठ की दोनों सीटें बीजेपी ने जीतीं

मेरठ शिक्षक सीट पर बीजेपी के श्रीचंद्र शर्मा और मेरठ स्नातक सीट पर बीजेपी के दिनेश गोयल जीत गए हैं। लखनऊ शिक्षक सीट पर बीजेपी के उमेश द्विवेदी और बरेली-मुरादाबाद शिक्षक सीट पर बीजेपी के डॉ हरि सिंह ढिल्लो विजयी हुए हैं। आगरा स्नातक सीट पर बीजेपी के डॉ मानवेंद्र प्रताप सिंह ‘गुरु जी’ जीत गए हैं।

सपा की वाराणसी में महत्वपूर्ण जीत

समाजवादी पार्टी ने एमएलसी की तीन सीटें जीती हैं। वाराणसी शिक्षक सीट पर सपा के लाल बिहारी यादव ने जीत दर्ज की है। इलाहाबाद-झांसी स्नातक सीट पर सपा के डॉ मानसिंह यादव विजयी हुए हैं। आगरा शिक्षक सीट पर सपा के डॉ आकाश अग्रवाल ने जीत हासिल की है।

पहले 11 में से 6 सीटों पर था बीजेपी का कब्जा

यूपी में जिन 11 एमएलसी सीटों के लिए चुनाव हुए हैं, पहले उनमें से 6 सीटें बीजेपी के पास थीं। शेष 5 सीटों में से 3 समाजवादी पार्टी के पास और दो निर्दलियों के पास थीं। बीजेपी के पास आगरा स्नातक सीट, मेरठ-सहारनपुर स्नातक सीट और लखनऊ स्नातक सीट थी। इसके अलावा उसके पास बरेली-मुरादाबाद शिक्षक सीट, लखनऊ शिक्षकस सीट और मेरठ-सहारनपुर शिक्षक सीट थी। समाजवादी पार्टी के पास 3 सीटें वाराणसी स्नातक, इलाहाबाद-झांसी स्नातक और वाराणसी शिक्षक सीट थी। आगरा शिक्षक और गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक सीट निर्दलियों के पास थी।

सपा ने पिछला प्रदर्शन दोहराया

फिलहाल घोषित नतीजों से पिछले चुनाव की स्थिति की तुलना करें तो बीजेपी के पास अभी पहले से एक सीट कम है। समाजवादी पार्टी ने अपने पिछले चुनावी प्रदर्शन की बराबरी कर ली है। विधान परिषद की कुल 11 में से तीन सीटों के नतीजे आना शेष है, मतगणना का काम जारी है। इन तीन सीटों के नतीजे आने के बाद इस चुनाव को लेकर यह स्पष्ट हो जाएगा कि इसमें किसका पलड़ा भारी रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *