जनपद वासियों को शुद्ध खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जनपद का खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग एक्शन में

Video News

जनपद वासियों को शुद्ध खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जनपद का खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग एक्शन में

  1. दीपावली पर्व को दृष्टिगत रखते हुए खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की कार्रवाई जारी
  2. खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने छापामारी कर विभिन्न प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के 09 नमूने जांच हेतु किए संग्रहित

गौतम बुद्ध नगर: आगामी दीपावली पर्व के दृष्टिगत जनपद वासियों को शुद्ध खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से डीएम मनीष कुमार वर्मा के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारीगण खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की कार्यवाही सुनिश्चित कर रहे हैं।
इसी श्रृंखला में सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि आज खाद्य सुरक्षा अधिकारी सैयद इबादुल्लाह एवं विशाल गुप्ता की टीम द्वारा तुगलपुर ग्रेटर नोएडा स्थित जीशान पनीर भंडार से पनीर का 01 नमूना एवं सिंघल किराना स्टोर से सरसों के तेल का एक नमूना जांच हेतु संग्रहीत किया गया।
इसी प्रकार मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीरेंद्र द्विवेदी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार एवं विजय बहादुर पटेल की टीम द्वारा गढ़ी चौखंडी सेक्टर 68 नोएडा स्थित खाटू श्याम मिष्ठान भंडार की निर्माण शाला पर छापामारी कर 200 किलोग्राम प्रदूषित मक्खी मच्छर पड़े हुए छेना रसगुल्ला एवं 20 किलोग्राम छेना रसगुल्ला बनाने में प्रयुक्त किए जाने वाले प्रदूषित छेना बरामद किया दोनों का 01-01 नमूना लिए जाने के बाद अवशेष छेना रसगुल्ला व छेना को नष्ट करा दिया गया, इसी टीम द्वारा सेक्टर 27 नोएडा स्थित अग्रवाल बीकानेरी स्वीट्स से काजू की बर्फी का एक नमूना लिया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओ पी सिंह एवं अमर बहादुर सरोज की टीम द्वारा ग्राम पतवारी सेक्टर 2 ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित मिठाई महल स्वीट शॉप की निर्माण शाला पर खोया एवं छेना रसगुल्ला का 01-01 नमूना संग्रहित किया गया तथा लगभग 55 किलोग्राम प्रदूषित मिठाई नष्ट करा दी गई, इसी टीम द्वारा ए 434 सेक्टर 2 ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित श्री कृष्णा स्वीट एंड कैटर्स के यहां से एक खोया एवं 01 रसगुल्ला का नमूना लिया गया। इस प्रकार कुल 09 नमूने लेकर जांच हेतु प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय ने बताया कि दीपावली पर्व के दृष्टिगत आगे भी इसी प्रकार से जिलाधिकारी के निर्देशन में जांच अभियान संचालित करते हुए नमूने संग्रहित करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि जनपद वासियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप शुद्ध खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *