फर्जी दस्तावेज दिखाकर किया सौदा, पैसे लेने के बाद आरोपी हुए फरार
अयोध्या। थाना पूराकलन्दर क्षेत्र में जमीन दिलाने के नाम पर एक महिला से 5.50 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 12 अप्रैल को आरोपी संजय वर्मा (25) निवासी अरुवावा पूरे निहाल का पुरवा और अंकित यादव (24) निवासी बरवा को उसरू नहर किनारे से दबोचा गया। वहीं तीसरे आरोपी अनिकेत यादव को देर रात मसौधा तिराहे के पास से गिरफ्तार किया गया।
पीड़िता राधा शर्मा ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि आरोपियों ने मकान निर्माण के लिए जमीन दिलाने का भरोसा दिलाया। इस दौरान उन्होंने फर्जी आधार कार्ड के जरिए खुद को जमीन का मालिक बताते हुए सौदा तय कर लिया। आरोपियों ने जनवरी 2026 के बीच किस्तों में करीब 5.50 लाख रुपये नकद और ऑनलाइन माध्यम से ले लिए, लेकिन तय समय पर रजिस्ट्री नहीं कराई।
जब पीड़िता ने आरोपियों से संपर्क किया तो वे फरार हो गए। बाद में पैसे वापस मांगने पर आरोपियों और उनके परिजनों ने धमकी देते हुए अभद्र व्यवहार किया।
मामले में थाना पूराकलन्दर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी संजय वर्मा पर पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि अन्य आरोपियों का भी आपराधिक इतिहास सामने आया है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया है।
