कंपनियों को निशाना बनाने वाले दो शातिर चोर गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश राज्य

*नोएडा।* थाना फेस-2 पुलिस ने एनसीआर क्षेत्र में बंद कंपनियों की रेकी कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस, चाकू और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार 8 मार्च 2026 को गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सेक्टर-81 मेट्रो स्टेशन के पास से जावेद पुत्र अनवर और शहजाद उर्फ मनीष पुत्र रहीसुद्दीन को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपी एनसीआर क्षेत्र में घूम-फिरकर बंद पड़ी कंपनियों की रेकी करते थे और मौका मिलते ही रात में चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।

गिरफ्तार आरोपियों में जावेद मूल रूप से दादरी क्षेत्र का रहने वाला है और वर्तमान में दिलशाद गार्डन दिल्ली में रह रहा था, जबकि शहजाद उर्फ मनीष मूल रूप से ग्राम दुजाना, थाना बादलपुर का निवासी है और वर्तमान में शालीमार गार्डन गाजियाबाद में रह रहा था।

पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं और इनके खिलाफ गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद व बुलंदशहर में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर मय एक जिंदा कारतूस, एक अवैध चाकू तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (UP16EA7017) बरामद कर ली है। दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *