कांग्रेस सरकार हिमाचल में आम जनता के हित में काम कर रही, भाजपा पर वित्तीय कुप्रबंधन का आरोप

राज्य हिमाचल प्रदेश

शिमला। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि एनएसयूआई व युवा कांग्रेस से निकले लोकप्रिय कार्यकर्ताओं को 2027 के विधानसभा चुनाव में टिकट देने पर विचार होगा। अनुराग शर्मा के राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होने पर पार्टी कार्यालय राजीव भवन शिमला में कार्यकर्ता सम्मान समारोह को संबोधित करते मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यकर्ताओं का सम्मान करना हमारी जिम्मेवारी भी है और दायित्व भी।

सरकार ने पिछले 39 महीनों में आम जनता से जुड़े लोगों के कार्यों किए। उनके लिए योजनाएं लाई। आज कार्यकर्ताओं के लिए गर्व और खुशी का दिन है, क्योंकि संगठन से निकला एक कार्यकर्ता राज्यसभा सदस्य बना है।

कैसे हुआ प्रत्याशी का चयन

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्यसभा सदस्य चुनाव के लिए कांग्रेस हाईकमान ने प्रदेश से चार जिला अध्यक्षों के नाम मांगे थे, जिनमें से वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने अनुराग शर्मा का चयन किया। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग राज्यसभा चुनाव को लेकर तरह-तरह की बातें कर रहे थे, लेकिन कांग्रेस के किसी नेता में कोई नाराजगी नहीं है। यही कारण है कि अनुराग शर्मा निर्विरोध सांसद निर्वाचित हुए हैं।

अब अनुराग से अनुराग ही टकराएंगे

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर राजनीतिक रोटियां सेकने के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी पर कई तरह के आरोप लगाते हैं। अनुराग ठाकुर के आरोपों का जवाब देने के लिए अनुराग शर्मा सक्षम है। अब अनुराग से अनुराग ही टकराएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी ने एक आम कार्यकर्ता को राज्यसभा का टिकट देकर स्पष्ट संकेत दिया है कि आगामी विधानसभा चुनाव में भी आम कार्यकर्ताओं, एनएसयूआई और कांग्रेस संगठन से निकले कार्यकर्ताओं को टिकट देने पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आने वाली चुनौतियों के लिए तैयार रहने का आह्वान किया।

भाजपा ने वित्तीय कुप्रबंधन से खाली किया प्रदेश का खजाना

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ने वित्तीय कुप्रबंधन किया और प्रदेश का खजाना खाली कर दिया। वर्तमान सरकार किसानों को उनके उत्पादों पर एमएसपी दे रही है, अनाथ बच्चों की देखभाल कर रही है और बागवानों, मजदूरों और महिलाओं को उनके अधिकार दिलाने का कार्य कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा हिमाचल प्रदेश के हितों के खिलाफ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा न तो आपदा प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी हुई और न ही आरडीजी के रूप में प्रदेश के लोगों को मिलने वाले अधिकार का समर्थन किया।

इतिहास रचने की बात करने वाले नामांकन पत्र दाखिल नहीं कर सके : मुकेश

उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल से कांग्रेस पार्टी के एक सामान्य कार्यकर्ता को सांसद बनाकर दिल्ली भेजा गया है। अब अनुराग शर्मा के सामने जिम्मेदारियां और चुनौतियां शुरू हुई हैं और उन्हें दिल्ली में हिमाचल के अधिकारों की लड़ाई लड़नी होगी। उन्होंने कहा कि पिछली बार ‘ऑपरेशन लोटस’ के तहत नौ विधायकों ने कांग्रेस का साथ छोड़ा था, लेकिन कांग्रेस विधायकों ने एकजुट होकर उस प्रयास को विफल कर दिया।

उन्होंने कहा कि काठ की हांडी बार-बार नहीं चढ़ती। कांग्रेस के 40 निष्ठावान विधायकों ने यह साबित किया कि वे पूरी मजबूती से राज्य सरकार के साथ खड़े हैं और सरकार पर किसी प्रकार की आंच नहीं आने देंगे। उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग राज्यसभा चुनाव में फिर से इतिहास रचने की बात कर रहे थे, वे विधानसभा परिसर में नामांकन पत्र दाखिल करने तक नहीं पहुंचे। उन्होंने एक बार फिर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर पर आरोप लगाया कि वे प्रदेश का बजट रुकवाने के प्रयास करते हैं, जबकि राज्य सरकार तमाम आर्थिक चुनौतियों का सामना करते हुए प्रदेश के विकास के लिए कार्य कर रही है।

ये रहे मौजूद

समारोह में उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, आयुष मंत्री यादवेंद्र गोमा, विधायक, पूर्व विधायक, विभिन्न बोर्ड व निगम के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष, विभिन्न जिलों के पार्टी अध्यक्ष, वरिष्ठ कार्यकर्ता तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *