गौतमबुद्ध नगर:-कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में आयोजित UP International Trade Show– 3rd Edition में उत्तर प्रदेश पुलिस को सर्वश्रेष्ठ स्टॉल प्रदर्शन का पुरस्कार
कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में उ0प्र0 सरकार एवं India Exposition Mart द्वारा संयुक्त रूप से दिनांक 25 से 29 सितम्बर, 2025 तक UP International Trade Show– 2025 (तृतीय संस्करण) का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश पुलिस को उसके उत्कृष्ट एवं आकर्षक स्टॉल प्रदर्शन हेतु सम्मानित किया गया।
पुलिस महानिदेशक उ0प्र0 राजीव कृष्ण के निर्देशन एवं पुलिस महानिदेशक यूपी 112 श्रीमती नीरा रावत के मार्गदर्शन व पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के पर्यवेक्षण में, उक्त ट्रेड शो के हॉल नम्बर-04 में उत्तर प्रदेश पुलिस का एक भव्य संयुक्त स्टॉल लगाया गया। इस स्टॉल पर पुलिस की विभिन्न इकाइयों तथा आधुनिक तकनीकी उपकरणों का प्रभावी प्रदर्शन किया गया। स्टॉल पर बड़ी संख्या में लोग पहुँचे और उन्होंने पुलिस द्वारा जनता की सुरक्षा एवं सेवा से जुड़ी नवाचारपूर्ण व्यवस्थाओं की सराहना की।
आयोजकों द्वारा आयोजित मूल्यांकन में, सभी 15 हॉल में लगाए गए स्टॉल का आकलन स्टॉल की साइज, उसकी साज-सज्जा, माहौल एवं आगंतुकों की भागीदारी के आधार पर किया गया। प्रत्येक हॉल से प्रथम तीन सर्वश्रेष्ठ स्टॉल को पुरस्कृत किया गया, जिनमें हॉल नम्बर-04 में उत्तर प्रदेश पुलिस का स्टॉल उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु चयनित हुआ।
दिनांक 28.09.2025 को मा0 कैबिनेट मंत्री, औद्योगिक विकास/निर्यात संवर्धन/एनआरआई निवेश प्रोत्साहन, नंदी गोपाल गुप्ता (नंदी) एवं मा0 कैबिनेट मंत्री उ0प्र0 राकेश सचान द्वारा, पुलिस अधीक्षक यूपी112 श्रीमती निधि सोनकर तथा मीडिया प्रभारी यूपी112 को यह पुरस्कार प्रदान किया गया।
इस अवसर पर उ0प्र0 सरकार के प्रमुख सचिव, खेल एवं युवा कल्याण/एमएसएमई एवं निर्यात प्रोत्साहन/खादी एवं ग्रामोद्योग/व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग, आलोक कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।
