उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष का सरकार पर बड़ा हमला: कार्यकर्ताओं को डराया जा रहा, बंद नहीं हुआ दमन तो करेंगे आंदोलन

उत्तराखंड राज्य

देहरादून। उत्तराखंड के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने मंगलवार को प्रदेश में संपन्न हुए छात्र संघ चुनावों को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार के इशारे पर इन चुनावों में पुलिस-प्रशासन का दुरुपयोग किया जा रहा है।

कांग्रेस समर्थित छात्र संगठनों के नेताओं, कार्यकर्ताओं और प्रत्याशियों को डराने-धमकाने के साथ गिरफ्तार किया जा रहा है। यदि यह कार्रवाई बंद नहीं हुई तो कांग्रेस आंदोलन के लिए बाध्य होगी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोदियाल ने एक वक्तव्य में कहा कि छात्र संघ चुनाव लोकतांत्रिक मूल्यों, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और छात्रों की राजनीतिक भागीदारी का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। आरोप लगाया कि भाजपा सरकार पुलिस के माध्यम से कांग्रेस समर्थित छात्र संगठनों पर दबाव बनाने का प्रयास कर रही है।

गिरफ्तारियों, पूछताछ और मुकदमों के जरिए चुनावी माहौल में भय पैदा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि छात्र अपने मताधिकार से प्रतिनिधियों का चुनाव करते हैं। राजनीतिक दबाव में कार्रवाई कर किसी संगठन विशेष को कमजोर करने का प्रयास स्वीकार नहीं किया जाएगा।

पुलिस की भूमिका चुनाव में निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी मशीनरी के राजनीतिक उपयोग की प्रवृत्ति अब विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों के छात्र संघ चुनावों तक पहुंच गई है।

उन्होंने चेतावनी दी कि चुनाव प्रभावित करने के लिए पुलिस-प्रशासन के दुरुपयोग का सिलसिला जारी रहा तो कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से इसका विरोध करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *