विश्व पुस्तक दिवस पर लाइब्रेरी निर्माण को लेकर सार्थक पहल

उत्तर प्रदेश राज्य

बेटियों की शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा

विश्व पुस्तक दिवस के अवसर पर जनपद गौतमबुद्ध नगर में शिक्षा को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। महिला उन्नति संस्था द्वारा जिले में 10 लाइब्रेरी स्थापित करने की योजना पर गंभीरता से चर्चा की गई, जिसका मुख्य उद्देश्य विशेष रूप से बेटियों की शिक्षा को प्रोत्साहित करना है।
इस संबंध में आज जारचा में महिला उन्नति संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राहुल वर्मा ने संस्था के संरक्षक मास्टर वीरेंद्र पाल सिंह राणा के साथ बैठक कर लाइब्रेरी के विकास और उसे डिजिटल रूप देने पर विस्तृत विचार-विमर्श किया।
संस्था के दादरी ब्लॉक प्रभारी एवं लाइब्रेरी के संस्थापक आर.के. सागर ने जानकारी देते हुए बताया कि जारचा स्थित लाइब्रेरी को जल्द ही डिजिटल लाइब्रेरी में परिवर्तित किया जाएगा। यहां छात्र-छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आधुनिक संसाधनों के साथ नवीनतम पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएंगी।
उन्होंने आगे बताया कि महिला उन्नति संस्था द्वारा शीघ्र ही बेटियों के लिए निशुल्क कंप्यूटर कोचिंग सेंटर भी शुरू किया जाएगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्र की बालिकाओं को तकनीकी शिक्षा का लाभ मिल सके।
संस्था के संरक्षक डॉ. वीरेंद्र पाल सिंह राणा ने कहा कि भविष्य में इस डिजिटल लाइब्रेरी को उत्तर प्रदेश की प्रमुख और आदर्श लाइब्रेरी के रूप में विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है, जहां सभी आधुनिक सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना को समाज के जागरूक एवं बुद्धिजीवी वर्ग के सहयोग से, चंदा एकत्र कर पूर्ण किया जाएगा।
यह पहल निश्चित रूप से शिक्षा के क्षेत्र में एक नई दिशा प्रदान करेगी और विशेषकर बेटियों को आगे बढ़ने का सशक्त मंच उपलब्ध कराएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *