ग्लोबल मार्केट में छाएंगे उत्तराखंड के स्थानीय उत्पाद: प्रदेश का निर्यात 27% बढ़कर 13,802 करोड़ रुपये पहुंचा, FTA पर हुई राज्य स्तरीय कार्यशाला

उत्तराखंड राज्य

देहरादून: उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME) को अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने के लिए राज्य सरकार ने प्रयास तेज कर दिए हैं. इसी कड़ी में शुक्रवार को देहरादून में मुक्त व्यापार समझौतों (Free Trade Agreement – FTA) पर एक राज्य स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया. इसमें केंद्र व राज्य सरकार के अधिकारियों व उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने भाग लिया.

निर्यात में 27% से अधिक की वृद्धि: कार्यशाला को संबोधित करते हुए प्रदेश के एमएसएमई मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य में एमएसएमई और निर्यात क्षेत्र की अहम भूमिका है. उन्होंने प्रदेश के निर्यात आंकड़ों की जानकारी देते हुए बताया कि

  • वर्ष 2017-18 में उत्तराखंड का कुल निर्यात 10,836 करोड़ रुपये था.
  • वर्ष 2025-26 में यह बढ़कर 13,802 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है.

मंत्री भरत सिंह ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया, संयुक्त अरब अमीरात (UAE) और न्यूजीलैंड जैसे देशों के साथ भारत के मुक्त व्यापार समझौतों से भारतीय उत्पादों को विदेशी बाजारों में शून्य या कम सीमा शुल्क (Custom Duty) पर प्रवेश मिल रहा है. उत्तराखंड के उद्यमियों को इन समझौतों का लाभ उठाकर अपने उत्पादों को प्रतिस्पर्धी कीमतों पर वैश्विक बाजार में उतारना चाहिए.

मुक्त व्यापार समझौतों पर राज्य स्तरीय कार्यशाला का आयोजन (ETV BHARAT)

निवेश और बुनियादी ढांचे को मिल रही मजबूती: मंत्री भरत सिंह चौधरी ने बताया कि ‘इन्वेस्ट उत्तराखंड’ सिंगल विंडो पोर्टल के जरिए पिछले तीन वर्षों में 6,932 परियोजनाओं के लिए 70,397 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों को सैद्धांतिक मंजूरी दी गई है. इसके साथ ही नीति आयोग के ‘एक्सपोर्ट प्रिपेयर्डनेस इंडेक्स-2024’ और ‘इन्वेस्टमेंट फ्रेंडलीनेस इंडेक्स-2026’ में उत्तराखंड ने अपनी श्रेणी में देश में पहला स्थान प्राप्त किया है.

प्रदेश में औद्योगिक ढांचे को मजबूत करने के लिए कई प्रमुख परियोजनाओं पर काम चल रहा है:

  • औद्योगिक पार्क: पौड़ी, चमोली और अल्मोड़ा में विशेष औद्योगिक पार्क विकसित किए जा रहे हैं.
  • बहुमंजिला परिसर: हरिद्वार में 194 करोड़ रुपये की लागत से बहुमंजिला औद्योगिक परिसर बन रहा है, जबकि सेलाकुई और पंतनगर में भी ऐसे परिसर प्रस्तावित हैं.
  • मेगा क्लस्टर और लॉजिस्टिक्स: किच्छा के खुरपिया में करीब 1,100 करोड़ रुपये की लागत से इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर, हरिद्वार में मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क और बनबसा में लैंड कस्टम स्टेशन विकसित करने की योजना है.

स्थानीय ब्रांडों को वैश्विक मंच: कार्यशाला में स्थानीय उत्पादों की ब्रांडिंग पर विशेष जोर दिया गया. मंत्री ने कहा कि ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ और ‘हिमाद्री’ जैसे ब्रांडों के माध्यम से राज्य के पारंपरिक हस्तशिल्प, ऐपण कला, मोटे अनाज (श्री अन्न) और महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाया जा रहा है. वर्तमान में प्रदेश से दवाइयों, इंजीनियरिंग उत्पादों, खाद्य प्रसंस्करण, जैविक व हर्बल उत्पादों और हस्तशिल्प का प्रमुखता से निर्यात हो रहा है.

विशेषज्ञों ने समझाए निर्यात के नियम: भारत सरकार के वाणिज्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव अमित वर्मा और अपर महानिदेशक विदेश व्यापार निखिल वर्मा ने उद्यमियों को मुक्त व्यापार समझौतों की बारीकियों से अवगत कराया. उन्होंने उत्पादों के मूल देश से जुड़े नियमों (Rules of Origin), सीमा शुल्क में मिलने वाली रियायतों, निर्यात संवर्धन मिशन और ‘जिलों को निर्यात केंद्र’ (Districts as Export Hubs) बनाने की पहल पर विस्तार से जानकारी दी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *