नोएडा में पुलिस व्यवस्था और मजबूत, 13 नई PRV स्कॉर्पियो वाहन तैनात

उत्तर प्रदेश राज्य

गौतमबुद्धनगर। कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा 13 नई पीआरवी (पुलिस रिस्पॉन्स व्हीकल) स्कॉर्पियो वाहनों को विभिन्न थाना क्षेत्रों में तैनात किया गया है। यह पहल आमजन को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने और आपातकालीन स्थितियों में प्रतिक्रिया समय को कम करने के लिए की गई है।
पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में इन वाहनों का आवंटन क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति एवं कानून-व्यवस्था की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सेक्टर-113, बिसरख, बादलपुर, सूरजपुर, नॉलेज पार्क, दादरी, कासना, रबूपुरा व बीटा-2 में एक-एक पीआरवी वाहन, जबकि दनकौर एवं जेवर में दो-दो वाहन तैनात किए गए हैं।
सभी नए पीआरवी वाहन अत्याधुनिक सुरक्षा उपकरणों से लैस हैं और इन्हें 24 घंटे पेट्रोलिंग व आपातकालीन सेवाओं के लिए लगाया गया है।
पुलिस कमिश्नर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इन वाहनों का प्रभावी उपयोग करते हुए जनता को शीघ्र व गुणवत्तापूर्ण सहायता प्रदान की जाए तथा क्षेत्र में सतत निगरानी बनाए रखी जाए।
इस व्यवस्था से न केवल पुलिस की प्रतिक्रिया क्षमता में सुधार होगा, बल्कि आमजन में सुरक्षा की भावना भी मजबूत होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *