उत्तर प्रदेश आमंत्रण महिला बास्केटबॉल प्रतियोगिता का भव्य हुआ शुभारंभ

उत्तर प्रदेश राज्य

पहले दिन रोमांचक मुकाबलों में प्रयागराज, आगरा और गाजियाबाद की जीत

गौतमबुद्धनगर, 22 मार्च 2026

उत्तर प्रदेश खेल निदेशालय के तत्वावधान में तथा जिला खेल कार्यालय गौतमबुद्धनगर द्वारा आयोजित उत्तर प्रदेश आमंत्रण महिला बास्केटबॉल प्रतियोगिता का भव्य उद्घाटन रामाज्ञा पब्लिक स्कूल, के.पी.-5 में सम्पन्न हुआ, जिसका शुभारंभ मिसेज एशिया पैसिफिक वर्ल्ड 2025 की विजेता एवं समाज सेविका बिंदु भाटिया द्वारा किया गया। इस अवसर पर मेरठ मंडल के क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी जितेंद्र यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में स्कूल की प्रधानाचार्या अवनि सिंह ने बिंदु भाटिया को बुके भेंट कर सम्मानित किया, वहीं प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी गौतमबुद्धनगर द्वारा जितेंद्र यादव को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में रामाज्ञा ग्रुप के निदेशक राकेश केसरी, स्कूल के एकेडमिक इंचार्ज अमर सिंह राठौर, बालचंद नागर, एच.एस. निवेश (एडवोकेट), कबड्डी कोच सुमित नागर, रेसलिंग कोच अंजुम, बास्केटबॉल कोच विजय कुमार, जिम कोच शुभम नागर तथा कार्यालय सहायक देवेंद्र कौशिक सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। निर्णायक मंडल में मुख्य रेफरी ऋषभ बत्रा के साथ विनय पंवार, सौरभ कुमार, सोहित पंवार और वाहिद खान ने अपनी भूमिका निभाई।
प्रतियोगिता के पहले दिन खेले गए मुकाबले काफी रोमांचक रहे, जिसमें प्रयागराज ने हापुड़ को 21–9 से हराया, आगरा ने गौतमबुद्धनगर को 44–21 से पराजित किया, गाजियाबाद ने अलीगढ़ को 40–28 से मात दी, जबकि दूसरे मैच में गाजियाबाद ने हापुड़ को 25–6 से हराकर अपनी मजबूत स्थिति दर्ज कराई। प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी डॉ. परवेज अली ने बताया कि प्रतियोगिता के शेष मैच अगले दिन प्रातः 7 बजे से प्रारम्भ होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *