महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता अभियान तेज, ‘मिशन शक्ति 5.0’ के तहत जनसंवाद

उत्तर प्रदेश राज्य

गौतमबुद्धनगर। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर ‘मिशन शक्ति 5.0’ (द्वितीय चरण) के अंतर्गत व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन एवं डीसीपी महिला सुरक्षा श्रीमती अनुकृति शर्मा के पर्यवेक्षण में यह अभियान लगातार प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है।
इसी क्रम में शनिवार को मिशन शक्ति टीम ने स्कूलों, कॉलेजों, मोहल्लों एवं सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर महिलाओं और बालिकाओं से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्हें महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई। साथ ही भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत महिलाओं की सुरक्षा से संबंधित प्रावधान, बाल विवाह निषेध, महिला सशक्तिकरण और ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ जैसे अभियानों के बारे में जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को पम्पलेट वितरित कर विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई, जिनमें डायल-112, महिला हेल्पलाइन-1090, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076, साइबर हेल्पलाइन-1930, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098 और वन स्टॉप सेंटर-181 शामिल हैं।
पुलिस टीम ने महिलाओं को किसी भी आपात स्थिति में बिना झिझक पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया और उनकी सुरक्षा व आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक किया। पुलिस कमिश्नरेट का यह अभियान महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *