CM सुक्खू ने 800 पुलिस भर्ती और 58 साल की नौकरी की घोषणा, युवाओं को मिलेगा रोजगार

राज्य हिमाचल प्रदेश

सुलह (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा है कि सुलह विधानसभा क्षेत्र में दो लाख से कम आय वाली महिलाओं को पहली अप्रैल 2026 से सरकार ₹1500 रुपये देगी। उन्होंने कहा कि जिला कांगड़ा की सुलह विधानसभा क्षेत्र पहला ऐसा हलका होगा, जहां पर महिलाओं को पहली अप्रैल से 1500 रुपये सरकार अपने वादे के मुताबिक देगी।

मुख्यमंत्री वीरवार को सुलह विधानसभा क्षेत्र में करोड़ों रुपये के उद्घाटन करने के बाद सभा को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक वर्ष के भीतर प्रदेशभर में एम्स जैसी तकनीक टांडा, आईजीएमसी सहित सभी जोनल अस्पतालों में उपलब्ध होगी।

अग्निवीर नहीं 58 साल की नौकरी देंगे

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के अग्निवीर योजना की तरह प्रदेश सरकार 4 वर्ष की नौकरी नहीं, बल्कि पुलिस भर्ती के माध्यम से 58 वर्ष की नौकरी युवाओं को देगी। जिसके लिए शीघ्र ही सरकार द्वारा प्रदेश में 800 पुलिसकर्मियों की भर्ती की जाएगी, इसमें 58 वर्ष की नौकरी के साथ पेंशन की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाएगी।

हवाई अड्डा विस्तार से होगा विकास

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की जनसंपदा को लूटने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिला कांगड़ा को पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जा रहा है। 3.50 हजार करोड़ की लागत से हवाई अड्डा का विस्तार कार्य आरंभ है। उन्होंने कहा कि हवाई अड्डा बनने के बाद लोगों की आर्थिक समृद्धि में वृद्धि होगी और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। वहीं युवाओं को रोजगार के अवसर भी प्रदान होंगे।

पूर्व की जयराम सरकार पर हमला

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व की जयराम सरकार द्वारा उद्योगपतियों से रजिस्ट्रेशन फीस नहीं लेकर उन्हें फायदा पहुंचाया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा धारा 118 को तोड़ने के आरोप लगा रही है, लेकिन ऐसा कुछ नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा के समय के सभी चोर दरवाजों को कांग्रेस सरकार ने बंद किया है और यही कांग्रेस सरकार का व्यवस्था प्रवर्तन है।

उन्होंने कहा कि भाजपा पांच गुटों में बंटी हुई पार्टी है और धनबल के आधार पर वह लोकतंत्र को खरीदने की नाकाम कोशिश पहले भी कर चुकी है।

सुलह को नगर पंचायत बनाने की घोषणा

मुख्यमंत्री ने सुलह विधानसभा क्षेत्र में करोड़ों के उद्घाटन ओर शिलान्यास के अलावा यहां पर विद्युत विभाग का सबडिवीजन कार्यालय खोलने, सुलह को नगर पंचायत बनाने सहित ग्रामीण विकास बैंक के अध्यक्ष संजय चौहान द्वारा उठाई गई अन्य मांगों को भी पूरा करने की घोषणा की। जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा नशे के खिलाफ लड़ाई को लेकर उपस्थित लोगों व स्कूली छात्रों को शपथ भी दिलाई गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *