रुद्रपुर सरस आजीविका मेला 2026: तृतीय दिवस पर सांस्कृतिक संध्या ने मोहा जनसमूह

उत्तराखंड राज्य

रुद्रपुर। सरस आजीविका मेला (यू.एस. नगर कार्निवाल) के तृतीय दिवस पर आयोजित सांस्कृतिक संध्या ने मेले में पहुंचे जनसमूह को मनोरंजन, उत्साह और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर कर दिया। यह शाम कला, संगीत और हास्य का एक अद्भुत संगम बनकर उपस्थित दर्शकों के लिए अविस्मरणीय अनुभव साबित हुई।

कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण रहे प्रसिद्ध बॉलीवुड एवं पंजाबी गायक जस्सी गिल एवं बब्बल राय, जिनके ऊर्जावान और लोकप्रिय गीतों ने दर्शकों को देर रात तक झूमने पर मजबूर कर दिया। उनके शानदार मंच प्रदर्शन ने पूरे आयोजन स्थल को उत्सवमय माहौल में बदल दिया, जहां उपस्थित लोग संगीत की धुनों पर थिरकते नजर आए।

इससे पूर्व हास्य कवि सुदीप भोला, रशिक गुप्ता एवं प्रताप फौजदार ने अपनी प्रभावशाली हास्य प्रस्तुतियों से दर्शकों को ठहाके लगाने पर विवश कर दिया। उनकी कविताओं और व्यंग्यात्मक शैली ने पूरे वातावरण को जीवंत बना दिया। वहीं पंखुड़ी और लक्षिता डांस ग्रुप के द्वारा रंगारंग प्रस्तुति दी गयी।

कार्यक्रम में सैंड आर्टिस्ट रजत कुमार की मनमोहक प्रस्तुति ने भी सभी का ध्यान आकर्षित किया। रेत के माध्यम से जीवंत कलाकृतियों का सृजन कर उन्होंने दर्शकों को कला की एक अनूठी दुनिया से परिचित कराया और सांस्कृतिक संध्या में चार चांद लगा दिए।

इस प्रकार सरस आजीविका मेला न केवल ग्रामीण उत्पादों और स्वरोज़गार को बढ़ावा देने का मंच बन रहा है, बल्कि सांस्कृतिक एकता और मनोरंजन का केंद्र बनकर समाज के सभी वर्गों को एक साथ जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। तृतीय दिवस की यह सांस्कृतिक संध्या मेले की सफलता को एक नई ऊंचाई प्रदान करते हुए उपस्थित जनसमूह के लिए यादगार बन गई।

इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट,विधायक शिव अरोरा, मेयर विकास शर्मा,दर्जा मंत्री उत्तम दत्ता,ब्लॉक प्रमुख ज्योति ग्रोवर, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, पी डी हिमांशु जोशी, जिला विकास अधिकारी सुशील मोहन डोभाल, उपजिलाधिकारी गौरव पांडे, ऋचा सिंह, एमएनए शिप्रा जोशी,मुख्य शिक्षा अधिकारी के एस रावत,जिला शिक्षा अधिकारी हरेंद्र मिश्रा,जिला प्रोवेजन अधिकारी व्योमा जैन, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी नंदनी तोमर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और भारी संख्या में दर्शक मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *