चारधाम यात्रा में शिथिलीकरण की मांग, होटल व्यवसायियों ने महेंद्र भट्ट को ज्ञापन सौंपा

उत्तराखंड राज्य

देहरादून। चारधाम मार्ग स्थित होटल व्यवसायियों के प्रतिनिधिमंडल ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट से मुलाकात कर यात्रा गाइडलाइन में शिथिलीकरण की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने यात्रियों की संख्या सीमित करने और ऑनलाइन-ऑफलाइन पंजीकरण की बाध्यता समाप्त करने की मांग उठाई। इस पर श्री भट्ट ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बात कर उचित निर्णय का आश्वासन दिया।

यमुना कॉलोनी स्थित आवास पर हुई मुलाकात में उत्तराखंड चारधाम होटल व्यवसाय संगठन के प्रतिनिधियों ने कहा कि श्री बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धामों का विश्वभर में विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है। यह यात्रा जहां सनातन संस्कृति की आस्था से जुड़ी है, वहीं राज्य की अर्थव्यवस्था का भी प्रमुख आधार है।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि वर्तमान में चारधाम यात्रा में आने वाले यात्रियों की संख्या को ऑनलाइन और ऑफलाइन पंजीकरण के माध्यम से सीमित किया गया है। इससे राज्य के व्यापारी, होटल व्यवसायी, टूर-ट्रैवल ऑपरेटर, दुकानदार, टैक्सी चालक, घोड़ा-खच्चर और डोली-पालकी संचालकों समेत लाखों परिवारों की आजीविका प्रभावित हो रही है।

होटल व्यवसायियों का कहना था कि चारधाम यात्रा सदियों से निर्बाध रूप से संचालित होती रही है और श्रद्धालुओं की गहरी आस्था इससे जुड़ी है। यात्रियों की संख्या पर लगाए गए प्रतिबंधों से न केवल धार्मिक भावनाएं प्रभावित हो रही हैं, बल्कि राज्य की आर्थिक गतिविधियों पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

उन्होंने सरकार से मांग की कि चारधाम यात्रा में यात्रियों की संख्या पर लगाई गई ऑनलाइन और ऑफलाइन सीमा समाप्त की जाए, यात्रा मार्गों पर लगाए गए बैरिकेड सिस्टम को हटाया जाए और यात्रा को व्यावहारिक रूप से अधिक सरल व सुगम बनाने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं।

प्रदेश अध्यक्ष श्री भट्ट ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि वे इस महत्वपूर्ण विषय पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बात कर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का अनुरोध करेंगे।

श्री भट्ट ने कहा कि चारधाम क्षेत्र के लोगों की आजीविका और राज्य की अर्थव्यवस्था को देखते हुए वर्ष 2026 की चारधाम यात्रा को सुगम और सुव्यवस्थित बनाना आवश्यक है। सरकार सभी पक्षों से बातचीत कर उचित निर्णय लेगी।

मुलाकात के दौरान भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान, उत्तराखंड चारधाम यात्रा होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश मेहता, संदीप राणा, सरदार सिंह राणा, रणजीत रावत, नीतीश रमोला सहित अन्य होटल व्यवसायी प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *