नोएडा/वाराणसी। वाराणसी में आयोजित उत्तर प्रदेश स्टेट कुश्ती चैंपियनशिप (अंडर-20) में सौहरखा कुश्ती अखाड़े के पहलवानों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए क्षेत्र का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता में अखाड़े के दो खिलाड़ियों ने फ्रीस्टाइल कुश्ती के अलग-अलग भार वर्गों में कांस्य पदक हासिल किए।
74 किलोग्राम भार वर्ग में टाइगर पहलवान ने कड़े मुकाबलों के बीच दमदार खेल दिखाते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। वहीं 67 किलोग्राम भार वर्ग में भरत पहलवान ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतिद्वंदियों को पछाड़कर कांस्य पदक जीता।
दोनों खिलाड़ियों की इस सफलता से अखाड़े में खुशी की लहर है। इस उपलब्धि का श्रेय खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत और कोच इंद्रजीत पहलवान के कुशल मार्गदर्शन को दिया जा रहा है।
कोच इंद्रजीत पहलवान ने खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने मैट पर अनुशासन और खेल भावना का बेहतरीन उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में खिलाड़ी स्वर्ण पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाएंगे।
अखाड़े के सदस्यों और खेल प्रेमी रवि यादव सहित क्षेत्र के लोगों ने टाइगर व भरत पहलवान को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
