बरेली में किसान की गोली मारकर हत्या, झोपड़ी में मिला खून से लथपथ शव

अपराध उत्तर प्रदेश राज्य

बरेली : फरीदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम रायपुर हंस में गुरुवार रात किसान की गोली मारकर हत्या कर दी गई. किसान गांव में किसी दावत से लौटा था और खेत पर अपनी झोपड़ी में सो रहा था. इसी दौरान उसकी हत्या की गई. शुक्रवार सुबह काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने खबर लगाई तो खून का लथपथ शव झोपड़ी में पड़ा मिला. इसके बाद सूचना पर पहुंची पुलिस ने प्राथमिक जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा.

बताया गया कि फरीदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम रायपुर हंस निवासी इंद्रपाल पुत्र अजयवीर सिंह (40) बीते गुरुवार रात गांव में दावत से लौटने के बाद खेत पर झोपड़ी में सोने चला गया था. परिजनों को सुबह खेत पर पहुंचने पर झोपड़ी में उसका शव मिला. इस घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई. इंद्रपाल अविवाहित था और अपने चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था. वह खेती-बाड़ी करता था.

वारदात की सूचना मिलने पर एसपी साउथ अंशिका वर्मा और सीओ फरीदपुर संदीप सिंह घटनास्थल पर पहुंचे. डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने बताया कि युवक की गोली मारकर हत्या की सूचना मिली थी. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है. प्राथमिक जांच में हत्या के पीछे आपसी रंजिश की बात सामने आ रही है. परिजनों की शिकायत के अनुसार आरोपियों की तलाश की जा रही है. जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *