सहारनपुर में रिश्वतखोर अधिकारी गिरफ्तार, एक लाख लेते रंगे हाथ पकड़ा गया

अपराध उत्तर प्रदेश राज्य

सहारनपुर। मेरठ विजिलेंस टीम ने राज्य कर विभाग के वाणिज्य कर अधिकारी को सोमवार को उसके आवास से एक लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

अधिकारी ने जांच के दौरान बिलों में आपत्ति लगाकर व्यापारी की गाड़ी को माल सहित कार्यालय में खड़ा करा लिया था। माल और गाड़ी छोड़ने के एवज में रिश्वत मांगी जा रही थी। काफी रुपये देने के बाद भी जब अधिकारी नहीं माना तो पीड़ित ने विजिलेंस से शिकायत की थी।

मंजीत ट्रेडर्स के मालिक मंजीत सिंह ने बताया कि वाणिज्य कर अधिकारी सुनील कुमार वाहनों की जांच के दौरान बिलों में कमी बताकर व्यापारियों पर दबाव बनाता था। 28 मार्च को उनकी गाड़ी पकड़ ली। उसमें स्क्रैप था।

बिलों में गड़बड़ी बताकर तीन लाख रुपये जुर्माने की बात कही। दो अप्रैल को व्यापारी से सरकारी खाते में 1.95 लाख रुपये ऑनलाइन जमा करा लिए। इसके बाद आरोपित ने एक लाख पांच हजार रुपये नकद लिए थे। रुटीन में गाड़ी छोड़ने के लिए भी मोटी रकम मांगी।

व्यापारी ने दो बार में 65 हजार और 90 हजार रुपये उसके बेटे परविंदर के खाते में जमा करा दिए। उसके बाद 40 हजार रुपये वाणिज्य कर अधिकारी के दोस्त मनोज के बेटे अर्पित के खाते में डाल दिए। इस सबके बाद भी आरोपित नहीं माना और ई-वे बिल के नाम पर एक लाख रुपये की मांग की गई।

परेशान होकर व्यापारी ने मेरठ विजिलेंस टीम से शिकायत की। इसके बाद टीम ने योजना बनाई और वाणिज्य कर अधिकारी को उसके आवास से रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया। वह दिल्ली रोड स्थित कार्यालय में सहायक आयुक्त सचल दल द्वितीय इकाई में तैनात है। आरोपित के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *