राजकीय सम्मान के साथ दी गई मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी को अंतिम विदाई

उत्तराखंड राज्य

देहरादून में बुधवार को उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी (सेवानिवृत्त) को पूरे राजकीय सम्मान और गहरे शोक के साथ अंतिम विदाई दी गई। उनके निधन से प्रदेशभर में शोक की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

दिवंगत नेता का पार्थिव शरीर राजधानी देहरादून के वसंत विहार स्थित आवास और भाजपा प्रदेश कार्यालय में अंतिम दर्शन के लिए रखा गया। इस दौरान राजनीतिक दलों के नेताओं, भाजपा कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों ने पहुंचकर उन्हें नम आंखों से श्रद्धांजलि दी।

देश के उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन, राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वसंत विहार स्थित आवास पहुंचकर पुष्प चक्र अर्पित किए। सभी नेताओं ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

उपराष्ट्रपति ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर दुख साझा किया और कहा कि भुवन चंद्र खंडूड़ी का जीवन राष्ट्रसेवा और जनकल्याण के लिए समर्पित रहा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बाद में बलवीर रोड स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचकर भी खंडूड़ी जी को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने पार्थिव शरीर को कंधा देकर अंतिम विदाई दी। भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भारी भीड़ ने अपने प्रिय नेता को नम आंखों से विदा किया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भुवन चंद्र खंडूड़ी का पूरा जीवन अनुशासन, सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा के मूल्यों पर आधारित रहा। उन्होंने उत्तराखंड के विकास, सुशासन और जनहित के लिए जो योगदान दिया, उसे लंबे समय तक याद किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि खंडूड़ी जी का निधन राज्य के लिए अपूरणीय क्षति है और सार्वजनिक जीवन में उनकी साफ छवि हमेशा प्रेरणा देती रहेगी।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष रितु खंडूरी भूषण, संगठन महामंत्री अजेय कुमार, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, खजान दास, पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, मेयर सौरभ थपलियाल और महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल सहित कई वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *