नंदा गौरा योजना: 4098 बालिकाओं के खातों में पहुंचे 19.23 करोड़ रुपये

उत्तराखंड राज्य

देहरादून। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने गुरुवार को नंदा गौरा योजना के तहत हरिद्वार और उत्तरकाशी जनपद की 4098 पात्र बालिकाओं के खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से लगभग 19.23 करोड़ रुपये की सहायता राशि हस्तांतरित की।

यमुना कॉलोनी स्थित कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्रदेश की 33,251 पात्र बालिकाओं को 26 फरवरी 2026 को ही योजना का लाभ प्रदान कर दिया गया था। हालांकि हरिद्वार और उत्तरकाशी की कुछ पात्र बालिकाओं की आवश्यक औपचारिकताएं तथा जिला स्तरीय समिति से अनुमोदन की प्रक्रिया समय पर पूरी नहीं हो सकी थी, जिसके कारण उन्हें उस समय योजना का लाभ नहीं मिल पाया था।

उन्होंने कहा कि सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद गुरुवार को इन 4098 बालिकाओं को योजना की बकाया सहायता राशि जारी कर दी गई। लाभान्वित बालिकाओं में जन्म के समय सहायता प्राप्त करने वाली 417 बालिकाएं तथा 12वीं कक्षा उत्तीर्ण कर स्नातक में प्रवेश लेने वाली 3681 बालिकाएं शामिल हैं।

मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश की कोई भी पात्र बेटी योजना के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि नंदा गौरा योजना बेटियों की शिक्षा, आत्मनिर्भरता और उज्ज्वल भविष्य को सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।उन्होंने बताया कि वर्ष 2017-18 से लेकर 2025-26 तक नंदा गौरा योजना के अंतर्गत प्रदेश की कुल 4,11,035 बालिकाओं को लगभग 1314 करोड़ रुपये की सहायता राशि डीबीटी के माध्यम से प्रदान की जा चुकी है। योजना के माध्यम से बेटियों के जन्म से लेकर उच्च शिक्षा तक उन्हें आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *