चंपावत में महिला सशक्तिकरण की नई पहल, सीएम धामी ने वितरित किए ‘पिंक ई-रिक्शा’

उत्तराखंड राज्य

चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के दौरान टनकपुर के ऊंचौलीगोठ (बूम) क्षेत्र में ग्राम्य विकास विभाग की ग्रामोत्थान परियोजना (रीप) के अंतर्गत महिला स्वयं सहायता समूहों को ‘पिंक ई-रिक्शा’ वितरित कर महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक नई पहल की शुरुआत की।

मुख्यमंत्री ने जय माँ काली समूह (थ्वालखेड़ा) और ज्योति समूह (बनबसा) की 10 महिला लाभार्थियों को ई-रिक्शा की चाबियां सौंपकर परिवहन सेवा का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं से संवाद कर ई-रिक्शा संचालन, रखरखाव, आय और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी भी प्राप्त की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ अन्य स्वयं सहायता समूहों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के स्वरोजगार और सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है।

रीप परियोजना के अंतर्गत टनकपुर, बनबसा और मां पूर्णागिरी यात्रा मार्ग पर ई-रिक्शा संचालन के लिए प्रत्येक समूह को 10 लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की गई है। इसमें 6 लाख रुपये परियोजना अनुदान, 3 लाख रुपये बैंक ऋण तथा 1 लाख रुपये समूह का अंशदान शामिल है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती और अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष मनोज कालकोटी ने रीप की लघु उद्यम योजना के तहत ओम स्वायत्त सहकारिता को रिटेल आउटलेट तथा आशा एवं वैष्णो स्वयं सहायता समूहों को सचल फूड वैन सह रेस्टोरेंट संचालन हेतु कुल 18 लाख रुपये की सहायता राशि के चेक भी वितरित किए।

इस अवसर पर जिलाधिकारी मनीष कुमार, परियोजना निदेशक अजय सिंह, सहायक परियोजना निदेशक विमी जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *