कौन हैं आईपीएस अशोक कुमार सिंह, जिनको योगी सरकार ने प्रमोशन देकर डीजी बनाया

उत्तर प्रदेश राज्य

लखनऊ : उत्तर प्रदेश पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल हुआ है. 1995 बैच के वरिष्ठ IPS अधिकारी अशोक कुमार सिंह को पुलिस महानिदेशक (DG) पद पर प्रोन्नत किया गया है. सोमवार (1 सितंबर 2026) को राज्य सरकार ने राज्यपाल की स्वीकृति के बाद इस संबंध में औपचारिक आदेश जारी कर दिया. उन्हें पे-मैट्रिक्स लेवल-16 के तहत यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है.

​जारी किए गए शासनादेश के अनुसार, अशोक कुमार सिंह, आईपीएस-आरआर (IPS-RR) 1995 बैच उत्तर प्रदेश संवर्ग पुलिस महानिदेशक (DG) के पद पर पदोन्नत किया गया है, यह पदोन्नति भारतीय पुलिस सेवा के पदोन्नति नियमों और रिक्तियों के सापेक्ष प्रदत्त की गई है. वह वर्तमान में अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) पुलिस भर्ती व प्रोन्नति बोर्ड के पद पर तैनात हैं. डीजी फायर सर्विस मुथा अशोक जैन का सेवाकाल सोमवार को पूरा हो गया था. डीजी का पद रिक्त होने पर वरिष्ठता क्रम के आधार पर एडीजी अशोक कुमार सिंह को प्रमोशन दिया गया है.

​तैनाती का अलग से जारी होगा आदेश : ​शासनादेश में स्पष्ट किया गया है कि डीजी पद पर पदोन्नत किए जाने के बाद IPS अशोक कुमार सिंह का नवीन तैनाती आदेश शासन द्वारा अलग से जारी किया जाएगा. ​शासन स्तर पर आदेश जारी होते ही पुलिस महकमे के अधिकारियों और सहकर्मियों ने उन्हें डीजी रैंक में पदोन्नति मिलने पर बधाई व शुभकामनाएं दी हैं.

​प्रशासनिक अनुभव और पृष्ठभूमि : IPS अशोक कुमार सिंह 1995 बैच के अनुभवी पुलिस अधिकारियों में गिने जाते हैं. अपने तीन दशक के सेवाकाल के दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश पुलिस और विभिन्न महत्वपूर्ण विंग्स में अहम पदों पर अपनी सेवाएं दी हैं. हाल ही में वरिष्ठ डीजी स्तर के अधिकारियों की सेवानिवृत्ति के बाद संवर्ग में रिक्त हुए शीर्ष पदों के क्रम में यह पदोन्नति प्रक्रिया पूरी की गई है.

कौन हैं IPS अशोक कुमार सिंह : IPS अशोक कुमार सिंह मूल रूप से बिहार के भभुआ के इटाढ़ी के निवासी हैं. फिजिक्स से बीएससी (ऑनर्स) किया है. उन्होंने गांव के ही प्राइमरी स्कूल से पांचवीं तक पढ़ाई की. इसके बाद झारखंड के तिलैया में स्थित सैनिक स्कूल में उनका नामांकन हुआ. यहां से इंटर की परीक्षा पास की. इसके बाद दिल्ली के रामजस कॉलेज से फिजिक्स में स्नातक की डिग्री प्राप्त की. पुलिस विभाग में कई अहम पदों पर जिम्मेदारी निभाई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *