‘मौलाना की धमकी पर राहुल गांधी चुप क्यों?’ सीएम धामी ने कांग्रेस पर साधा निशाना

उत्तराखंड राज्य

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि मौलाना के धमकी देने पर राहुल गांधी चुप क्यों रहते हैं? साथ ही उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 के चुनाव में कांग्रेस मुस्लिम यूनिवर्सिटी क्यों बनाना चाहती थी? उन्होंने कहा कि कांग्रेस को पारदर्शी तरीके से रोजगार मिलने पर परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस तुष्टीकरण की राजनीति कर रही है। कहा कि हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के जनसभा स्थल के शुद्धीकरण से भाजपा का कोई लेना देना नहीं है। कांग्रेस के पास शुद्धीकरण का कोई सबूत नहीं है। मुख्यमंत्री धामी ने सवाल किया कि कांग्रेस के कार्यक्रम में हल्द्वानी में रामलीला के मंच में जेहाद संबंधी नारे क्यों लगाए गए? उन्होंने कहा कि अपने वरिष्ठ नेताओं का अपमान करना कांग्रेस का इतिहास रहा है।

सीताराम केसरी की भी दिलाई याद

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि कांग्रेस के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष सीताराम केसरी को क्या केवल इसलिए अध्यक्ष पद से हटाया कि वे दलित और गरीब थे? कांग्रेस को इसका जवाब देना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले दिनों रुद्रपुर में एक मौलाना के धमकी देने और हल्द्वानी में जेहादी नारे लगने पर राहुल गांधी चुप्पी साध लेते हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि कांग्रेस, भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम पर सबूत मांगती है। सीएम ने चेताया कि भारतीय सेना के पराक्रम पर सवाल उठाने वालों को देश स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि आने वाले चुनाव में प्रदेश के युवा नई कहानी लिखेंगे।

राहुल के खिलाफ केस पर कांग्रेस ने भाजपा को घेरा

मुख्यमंत्री हरीश रावत ने मानसिक विकृति और राज्य सरकार की संलिप्तता का प्रतीक बताया। उन्होंने राहुल गांधी पर केस दर्ज करने का भी विरोध किया है। कांग्रेस के सचिवालय घेराव के समर्थन में वे मंगलवार को सुबह 11 बजे दिल्ली में श्री गुरु रविदास मंदिर के सामने मौन व्रत पर बैठेंगे।

कांग्रेस ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ उत्तराखंड में प्राथमिकी दर्ज किए जाने को लेकर भाजपा और प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। पार्टी का आरोप है कि सरकार ने यह कदम शुद्धिकरण के मामले में कार्रवाई से बचने और लोगों का ध्यान भटकाने के लिए उठाया है।

पार्टी ने दोहराया है कि वह जातिवादी मानसिकता के साथ पूरी ताकत से लड़ाई लड़ेगी। कांग्रेस महासचिव और उत्तराखंड की प्रभारी कुमारी शैलजा ने कहा कि हम इससे डरने वाले नहीं है। राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर का लोकतांत्रिक और कानूनी तरीके से जवाब दिया जाएगा। उन्होंने इसे भाजपा और आरएसएस की दलित और संविधान विरोधी सोच करार दिया है।

कुमारी शैलजा ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि शुद्धिकरण करने वालों पर सवाल उठाओ तो एफआईआर, दलित सम्मान की बात करो तो एफआईआर, संविधान के लिए आवाज उठाओ तो एफआईआर। इसके साथ उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि वह पूरे मामले पर चुप क्यों हैं। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के सभा स्थल पर शुद्धिकरण के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *