सीएम शपथ ग्रहण:दिल्ली में धमाकेदार वापसी को यादगार बनाने में जुटी भाजपा,नेता-धर्मगुरु-कलाकार सबके होंगे दीदार

राजनीति

 

नई दिल्ली।केंद्र से लेकर प्रदेश भाजपा की टीमें दिल्ली के नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह को भव्य बनाने में जुटी हैं। बैठकों के साथ-साथ आयोजन स्थल रामलीला मैदान में भाजपा नेता दौरा भी कर रहे हैं।राजनिवास से भी मॉनिटरिंग की जा रही है।

 

 

आयोजन स्थल पर टेंट और सोफे लगाए गए है।मेहमानों के बैठने के लिए बड़ी संख्या में कुर्सियां और एलईडी स्क्रीन लगाई गई है।रामलीला मैदान की चहारदीवारी पर नया रंग-रोगन किया गया है।सीएम का शपथ ग्रहण समारोह सुबह 11 बजे से शुरू होगा।भाजपा नेताओं का कहना है कि शपथ ग्रहण समारोह ऐतिहासिक और भव्य होगा।

 

 

रामलीला मैदान में तीन मंच तैयार किए गए हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित 50 से ज्यादा हाई सिक्योरिटी वाले नेता रामलीला मैदान में पहुंचेंगे।केंद्रीय मंत्रिमंडल समेत एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री एक मंच पर बैठेंगे,जबकि दूसरे मंच पर नवनिर्वाचित भाजपा विधायक और तीसरे पर साधु-संत,फिल्म कलाकार समेत विशेष अतिथि बैठेंगे।

सीएम के शपथ ग्रहण समारोह से पहले रंगारंग कार्यक्रम होगा।कैलाश खैर की प्रस्तुति भी हो सकती है।केंद्र सरकार की योजनाओं से लाभान्वित वर्ग के लोगों को भी आमंत्रित किया गया है। इसमें लाडली-बहनों को भी बुलाया गया है।

 

 

फिल्मी सितारों में अक्षय कुमार,मुंबई के प्रसिद्ध उद्योगपति, किसानों समेत लगभग 30 हजार लोगों को आमंत्रित किया गया है।सीएम के शपथ ग्रहण समारोह में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री समेत अन्य धर्म गुरुओं को भी आमंत्रित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *