जिला निर्वाचन अधिकारी के नेतृत्व में जनपद में 29 अक्टूबर से चलेगा विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान

Video News

जिला निर्वाचन अधिकारी के नेतृत्व में जनपद में 29 अक्टूबर से चलेगा विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान

विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान को लेकर उप जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में आज राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक हुई संपन्न

गौतम बुद्ध नगर : भारत निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुरूप अर्हता तिथि 1 जनवरी 2025 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान को लेकर आज जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी गौतम बुद्ध नगर मनीष कुमार वर्मा के निर्देशों के क्रम में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व/उप जिला निर्वाचन अधिकारी अतुल कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बैठक में उपस्थित राजनीति के दलों के प्रतिनिधियों को विशेष संचित पुनरीक्षण कार्यक्रम के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि 29 अक्टूबर 2024 दिन मंगलवार को एकीकृत आलेख्य निर्वाचक नामावली का प्रकाशन एवं दावे और आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 29 अक्टूबर से 28 नवंबर 2024 तक रहेगी तथा दावे और आपत्तियों का निस्तारण 24 दिसंबर 2024 तक किया जाएगा एवं निर्वाचन नामावलियों का अंतिम प्रकाशन 06 जनवरी 2025 को होगा।
उन्होंने बताया कि 09, 10, 23, 24 नवंबर 2024 को जनपद में विशेष अभियान संचालित किया जाएगा, जिसमें समस्त बीएलओ अपने-अपने क्षेत्र में मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहेंगे।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि ऐसे नागरिक जो 1 जनवरी 2025 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं या उससे पहले पूरी कर चुके हो, वह अपना नाम मतदाता सूची में सम्मिलित करा सकते हैं। उन्होंने बताया कि प्रथम बार आवेदन कर रहे नए मतदाता को पंजीकरण के लिए फॉर्म-6, निर्वाचक नामावली में नाम सम्मिलित करने के प्रस्ताव पर आपत्ति एवं पूर्व में शामिल न होने को अपमार्जित करवाने के लिए फॉर्म-7, निवास परिवर्तन/मतदाता सूची की प्रविष्टियों में संशोधन/मतदाता फोटो पहचान पत्र का प्रतिस्थापन या दिव्यांग मतदाताओं के चिन्हांकन हेतु फार्म 8 भरा जाएगा। मतदाता सूची में नाम सम्मिलित करने एवं संशोधन आदि के लिए भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट https://voters.eci.gov.in या मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश लखनऊ की वेबसाइट https://ceouttarpradesh.nic.in द्वारा ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि मतदाताओं द्वारा मतदाता सूची में नाम चेक करने हेतु मतदाता सूची अलेख्या प्रकाशन 29 अक्टूबर 2024 से 28 नवंबर 2024 के बीच सभी मतदान केंद्रों पर निरीक्षण के लिए उपलब्ध रहेगी या https://ceouttarpradesh.nic.in या भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट https://voters.eci.gov.in या अपने मोबाइल पर वोटर हेल्पलाइन ऐप डाउनलोड करके भी मुक्त सेवाएं प्राप्त की जा सकती है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बैठक में उपस्थित सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा कि निर्वाचक नामावली में दर्ज नाम, पता, आयु एवं अन्य प्रविष्टियां में विद्यमान त्रुटियों को दूर करने हेतु राजनीतिक दलों के सहयोग की आवश्यकता होती है। इसलिए राजनीतिक दलों की सहभागिता बढ़ाने तथा पुनरीक्षण के कार्य में उनके सक्रिय सहयोग प्राप्त करने हेतु भारत निर्वाचन आयोग द्वारा बूथ लेवल एजेंट की व्यवस्था बनाई गई है, ताकि उन्हें जनता तथा बीएलओ को सहयोग करने का पूरा मौका मिल सके। सभी राजनीतिक दल अपने-अपने बूथ लेवल एजेंट की नियुक्ति करते हुए निर्धारित प्रारूप पर सूची निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी/उप जिलाधिकारी एवं एक प्रति जिला निर्वाचन कार्यालय में उपलब्ध कराये।
उन्होंने बताया कि जनपद में संभाजन से पूर्व कुल 641 मतदान केंद्र थे, जो की संभाजन उपरांत 642 हो गए हैं। इसी प्रकार संभाजन से पूर्व 1804 मतदेय स्थल थे, जो संभाजन के उपरांत 1868 हो गए हैं।
इस महत्वपूर्ण बैठक में उप जिलाधिकारी जेवर अभय सिंह, उप जिलाधिकारी दादरी अनुज नेहरा, उप जिलाधिकारी सदर चारुल यादव तथा अन्य संबंधित आधिकारिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *