मेरठ/वाराणसी: भारत ने पाकिस्तान पर एयर स्ट्राइक करके पहलगाम हमले का बदला लिया. इसके बाद से ही सोशल मीडिया पर पाकिस्तान परस्त यूजर्स के कमेंट भी आ रहे हैं. मेरठ में ऐसे ही एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जिसने भारत की एयर स्ट्राइक को गलत बताया था. उस युवक ने पाकिस्तान को सही ठहराते हुए भारत के लिए आपत्तिजनक शब्दों का भी इस्तेमाल किया था. वहीं, वाराणसी में नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव पर भडकाऊ कमेंट के लिए मुकदमा दर्ज कराया गया है.
सैलून में बाल काटता है मेरठ का युवक: सिविल पुलिस ने सोशल मीडिया पर एयर स्ट्राइक को लेकर आपत्तिजनक पोस्ट करने वाले जिस युवक को गिरफ्तार किया है, वह सैलून में बाल काटता है. उसने सोशल मीडिया पर कई पोस्ट करके एयर स्ट्राइक को लेकर आपत्तिजनक बातें फैलाईं. इसके बाद स्थानीय पार्षद संजय सिंह सैनी ने तत्काल इसकी शिकायत पुलिस से की. पुलिस ने भी तुरंत एक्शन लिया और मोहम्मद जैद नामक युवक को गिरफ्तार कर लिया.
मेरठ शहर के प्रभात नगर से पार्षद संजय सिंह सैनी ने बताया कि देश में सेना के द्वारा आतंकियों के ठिकानों पर की गई कार्रवाई पर आपत्तिजनक पोस्ट करना किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. सोशल मीडिया पर इंडियन आर्मी के एक्शन को गलत बताने वाले शख्स की पहचान मोहम्मद जैद के रूप में हुई है. उसने सोशल मीडिया पर पाकिस्तान जिंदाबाद भी लिखा. उसने लिखा कि पाकिस्तान सही है, बदला लिया जाएगा. उस पोस्ट पर कई प्रतिक्रिया भी लोगों ने दीं.
इस घटना पर सीओ अभिषेक कुमार ने बताया कि युवक ने पाकिस्तान के फेवर में पोस्ट डाला और कमेंट किए थे. युवक के पोस्ट और कमेंट को लेकर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है. उसके खिलाफ कार्रवाई हुई है. सिविल लाइन थाने में देशद्रोह सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा लिखा गया है.
वाराणसी में नेता प्रतिपक्ष पर केस दर्ज: वाराणसी के कैंट थाना में नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव पर पुलवामा एवं पहलगाम की घटना को भ्रामक खबर और व्यक्तियो के बीच सौहार्द बिगाड़ने, जनता में शत्रुता, घृणा की भावना पैदा होने को लेकर मुकदमा दर्ज कराया गया है. कैंट थाना में क्षेत्रीय संयोजक चुनाव आयोग संपर्क विभाग काशी क्षेत्र, अनौला निवासी अधिवक्ता मुरलीधर सिंह पुत्र स्व. धर्मराज सिंह ने समाजवादी पार्टी के विधान परिषद् के विरोधी दल के नेता लाल बिहारी यादव पर मुकदमा दर्ज कराया है.
उन्होंने तहरीर में बताया कि मोबाइल पर एक वीडियो वायरल हो रहा है. इसमें भारतीय अखंडता एवं एकता और भारतीय सेना पर प्रभाव डालने वाले बयान दिए गए हैं. इससे भारत की संप्रभुता, एकता और अखंडता तथा सुरक्षा को खतरे डालने एवं मिथ्या, भ्रामक जानकारी दी गई है. मुरलीधर सिंह ने आगे कहा कि इसमें पुलवामा कश्मीर की घटना को जोड़ते हुए पहलगाम की घटना को दृष्टिगत रखते हुए भ्रामक बताया जा रहा है. फिलहाल पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है.
