रामनगरी में आस्था की मर्यादा सख्त, नॉनवेज पर प्रशासन का बड़ा एक्शन

उत्तर प्रदेश

ऑनलाइन फूड डिलीवरी पर भी लगा ब्रेक, होटल-होम स्टे को अंतिम चेतावनी

राम मंदिर व पंचकोशी परिक्रमा क्षेत्र में नियम तोड़ने पर लाइसेंस निरस्तीकरण की चेतावनी

मो0 आलम

अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में श्रद्धा और आस्था की गरिमा बनाए रखने के लिए प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। श्रीराम मंदिर और पंचकोशी परिक्रमा मार्ग से जुड़े क्षेत्रों में अब नॉनवेज भोजन की बिक्री ही नहीं, बल्कि उसकी ऑनलाइन आपूर्ति पर भी पूरी तरह रोक लगा दी गई है।

प्रशासन के अनुसार, यह फैसला लगातार मिल रही शिकायतों के बाद लिया गया है, जिसमें सामने आया कि कुछ होटल, गेस्ट हाउस और होम स्टे नियमों को दरकिनार कर ऑनलाइन माध्यम से नॉनवेज भोजन मंगवाकर श्रद्धालुओं को परोस रहे थे। इसे धार्मिक मर्यादा के खिलाफ मानते हुए खाद्य विभाग ने सख्ती का रास्ता अपनाया है।

सहायक खाद्य आयुक्त मानिक चंद्र सिंह ने स्पष्ट किया कि राम मंदिर क्षेत्र में पहले से प्रतिबंध लागू है, लेकिन अब किसी भी तरह की ढील बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि 8 जनवरी को होटल संचालकों और ऑनलाइन डिलीवरी कंपनियों को आदेश की लिखित जानकारी दे दी गई है।

प्रशासन ने साफ शब्दों में चेताया है कि यदि कोई होटल, होम स्टे या डिलीवरी एजेंसी नियम तोड़ते हुए पकड़ी गई तो उसका लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाएगा। इसके साथ ही संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
खाद्य विभाग ने यह भी संकेत दिए हैं कि राम मंदिर क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है। विशेष टीमों के जरिए नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी ताकि आस्था से जुड़े क्षेत्र में किसी भी तरह की अनियमितता दोबारा सामने न आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *