सहकारिता चुनाव में BJP का दबदबा, गढ़वाल के सभी 6 जिला सहकारी बैंकों में अध्यक्ष निर्विरोध

उत्तराखंड राज्य

देहरादून: उत्तराखंड में जिला सहकारी बैंकों के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने गढ़वाल मंडल में सभी अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों पर निर्विरोध जीत दर्ज की है. गढ़वाल मंडल के छह जिलों में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों के निर्विरोध निर्वाचन को पार्टी ने सहकारिता क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि बताया है. सहकारिता मंत्री धन सिंह रावत ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि सहकारिता चुनाव में आम लोगों ने भाजपा की नीतियों पर भरोसा जताया है.

गढ़वाल मंडल के अंतर्गत देहरादून, चमोली, उत्तरकाशी, पौड़ी गढ़वाल, टिहरी गढ़वाल और हरिद्वार जिला सहकारी बैंकों के अध्यक्ष पद पर भाजपा समर्थित प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं. देहरादून में मंजीत रावत, चमोली में गजेंद्र सिंह रावत, उत्तरकाशी में शारदा राणा, पौड़ी गढ़वाल में पंकज रावत, टिहरी गढ़वाल में सुभाष चंद्र रमोला और हरिद्वार में विजेंद्र चौधरी अध्यक्ष पद पर निर्विरोध चुने गए हैं.इन सभी छह जिला सहकारी बैंकों में उपाध्यक्ष पद पर भी भाजपा समर्थित प्रत्याशियों ने निर्विरोध जीत दर्ज की है. इसके साथ ही निदेशक पदों पर भी कई प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं. भाजपा ने इसे सहकारिता क्षेत्र में संगठनात्मक समन्वय और निर्वाचित प्रतिनिधियों के बीच आपसी सहमति का परिणाम बताया है.

पहली बार महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण: उत्तराखंड में इस बार सहकारिता चुनाव में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए पहली बार 33 प्रतिशत आरक्षण लागू किया गया है. इसी व्यवस्था के तहत प्रदेश के कुल 10 जिला सहकारी बैंकों में से उत्तरकाशी, अल्मोड़ा और ऊधम सिंह नगर जिला सहकारी बैंकों में अध्यक्ष पद महिलाओं के लिए आरक्षित किया गया है. इन तीनों जिलों में अध्यक्ष पद पर महिला प्रतिनिधि निर्वाचित होंगी. सहकारिता चुनाव में महिलाओं के लिए आरक्षण लागू किए जाने को महिला प्रतिनिधित्व बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. जिला सहकारी बैंकों के चुनाव में 33 प्रतिशत महिला प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के साथ सहकारिता संस्थाओं में महिलाओं की भूमिका बढ़ाने पर जोर दिया गया है.

दो चरणों में हो रहे चुनाव: प्रदेश में जिला सहकारी बैंकों के चुनाव दो चरणों में संपन्न कराए जा रहे हैं. पहले चरण में गढ़वाल मंडल के छह जिला सहकारी बैंकों के चुनाव हुए. जिसमें अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों पर भाजपा समर्थित प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं. अब दूसरे चरण में कुमाऊं मंडल के जिला सहकारी बैंकों के चुनाव 10 और 11 सितंबर को आयोजित किए जाएंगे. भाजपा ने कुमाऊं मंडल में भी गढ़वाल मंडल की तरह निर्विरोध निर्वाचन का प्रदर्शन दोहराने के लिए चुनावी रणनीति तैयार करने का दावा किया है. पार्टी की ओर से स्थानीय स्तर पर पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर चुनाव प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है.

सहकारिता मंत्री ने दी बधाई: सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने गढ़वाल मंडल में जिला सहकारी बैंकों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और निदेशक पदों पर निर्विरोध निर्वाचित सभी प्रत्याशियों को बधाई दी. उन्होंने कहा निर्विरोध निर्वाचन आपसी विश्वास, संगठनात्मक समन्वय और सहकारिता की भावना को मजबूत करने का संदेश देता है.

भाजपा ने गढ़वाल मंडल के परिणामों को कांग्रेस के लिए बड़ा झटका बताते हुए दावा किया है कि सहकारिता चुनाव में कांग्रेस प्रभावी उपस्थिति दर्ज नहीं करा सकी. पार्टी का कहना है कि सहकारिता से जुड़े प्रतिनिधियों और आम लोगों ने भाजपा की नीतियों और कार्यप्रणाली पर भरोसा जताया है. अब सभी की नजरें कुमाऊं मंडल के चुनाव पर हैं. जहां 10 और 11 सितंबर को जिला सहकारी बैंकों के लिए मतदान और निर्वाचन प्रक्रिया होगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *