लखनऊ: मोहनलालगंज में साली से अवैध संबंधों में पत्नी रोड़ा बनी, तो पति ने पहले तो सिर पर पत्थर से हमला किया. फिर गला घोंटकर मौत के घाट उतार दिया. प्रभारी निरीक्षक दिलेश कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. हत्या में प्रयोग किया गया पत्थर भी बरामद हुआ है. मामले के सह-आरोपी देवर, सास और ससुर से पूछताछ की जा रही है.
चचेरी साली से वह अवैध संबंध का विरोध कर रही थी पत्नी: मोहनलालगंज के दड़ाईन मजरा मोहद्दीनपुर के संजय की पत्नी सविता का शव सोमवार शाम पूरनपुर गांव के पास किसान पथ के किनारे मिला था. सविता के पिता राम नरेश ने मामले में पति संजय, देवर अजय और सास-ससुर के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. पुलिस ने आरोपी संजय से पूछताछ की. उसने बताया कि वह अपनी चचेरी साली से अवैध संबंध बनाना चाहता था.
शव को 20 फीट गहरी खाई में फेंका: उसकी पत्नी सविता इसका विरोध कर रही थी. इसीलिए संजय ने सविता को सोमवार को दवाई दिलाने के बहाने घर से बाहर बुलाया. उसे गोसाईंगंज के एक तांत्रिक के यहां ले गया. वापस लौटते समय पूरनपुर गांव के पास पत्थर से उसके सिर पर वार कर दिया. वह घायल होकर जमीन पर गई, तो उसकी साड़ी से उसका गला घोंट दिया. संजय ने पुलिस को बताया कि हत्या करने के बाद सविता के शव को किसान पथ के किनारे 20 फीट नीचे खाई में फेंक दिया.
तांत्रिक के पास पत्नी को लेकर गया था आरोपी संजय: डीसीपी दक्षिणी निपुण अग्रवाल के पर्यवेक्षण में एडीसीपी अमित कुमावत, एसीपी रजनीश वर्मा और प्रभारी निरीक्षक दिलेश कुमार सिंह की टीम ने इस हत्याकांड का खुलासा किया. संजय ने पुलिस को बताया कि वह सविता को तांत्रिक के पास ले गया था. इसके पीछे क्या कारण था, पुलिस इसकी पड़ताल कर रही है. पुलिस का कहना है कि तांत्रिक के बारे जानकारी जुटाई जा रही है. हत्या में उसकी संलिप्तता पाई जाने पर कार्रवाई की जाएगी.
